हांसी | हरियाणा के हांसी जिले के शेखपुरा गांव में रविवार को जिले की पहली नव चेतना महिला लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया. लाइब्रेरी का उद्घाटन विधायक विनोद भयाना और एसडीएम राजेश खोथ ने किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान, सरपंच प्रदीप कुमार सहित अधिकारी, ग्रामीण, महिलाएं और छात्राएं मौजूद रहीं. उद्घाटन समारोह में विधायक विनोद भयाना ने कहा कि यह लाइब्रेरी महिलाओं और बेटियों के लिए अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में नया केंद्र साबित होगी.

यहां छात्राएं पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर सकेंगी. उन्होंने कहा कि बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. जरूरत उन्हें बेहतर माहौल, सही मार्गदर्शन और शांत वातावरण उपलब्ध कराने की है.
शिक्षा से गांव की तरक्की
विधायक ने कहा कि किसी गांव की वास्तविक तरक्की तभी मानी जा सकती है, जब वहां की बेटियां शिक्षित, आत्मनिर्भर और अपने पैरों पर खड़ी हों. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे महिलाओं और बेटियों को नियमित रूप से लाइब्रेरी में आकर पढ़ने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने इस पहल के लिए उपायुक्त राहुल नरवाल और मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान का आभार जताया.
SDM ने की घोषणा
एसडीएम राजेश खोथ ने लाइब्रेरी के लिए अपनी ओर से 21 किताबें उपलब्ध कराने की घोषणा की. इसके साथ ही हिंदी और अंग्रेजी का एक-एक समाचार पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने ग्रामीणों और अन्य लोगों से अपील की कि वे उपयोगी किताबें दान करने के लिए आगे आएं. इससे लाइब्रेरी में महिलाओं और छात्राओं के लिए अलग-अलग विषयों की पर्याप्त अध्ययन सामग्री जुटाई जा सकेगी.
सुविधाओं का लिया जायजा
उद्घाटन के बाद विधायक विनोद भयाना और एसडीएम राजेश खोथ ने लाइब्रेरी का निरीक्षण किया. उन्होंने बैठने की व्यवस्था, उपलब्ध पुस्तकों और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया. विधायक ने कहा कि आने वाले समय में लाइब्रेरी में और सुविधाएं जोड़ी जाएंगी. CM सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान ने बताया कि जिले के कई गांवों में नव चेतना महिला पुस्तकालय स्थापित करवाए जाएंगे.
उन्होंने कहा कि घिराय गांव में पुस्तकालय तैयार हो चुका है और जल्द ही उसका उद्घाटन किया जाएगा. वहीं, नारनौंद में भी महिला लाइब्रेरी स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है.