हांसी | हरियाणा के नए जिले हांसी में घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा शहर और तीन गांवों में 8 नए सेक्टर विकसित करने की योजना बनाई गई है. इसके लिए लगभग 1495 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा. भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के पहले चरण में ई- भूमि पोर्टल पर आवेदन शुरू हो गए हैं और यह प्रकिया 30 अप्रैल तक चलेगी.
नारनौंद में भी शहरीकरण को बढ़ावा
नारनौंद क्षेत्र की बात करें तो यहां 248 एकड़ भूमि पर सेक्टर 2, 4 और 6 काटे जाएंगे. नारनौंद में अभी तक एक भी सेक्टर नही है. शेखपुरा, ढाणा, ढाणी कुंदनपुर और हांसी की जमीन को पहले चरण में अधिग्रहित किया जाएगा. जमीन सीधे किसानों और भूमि मालिकों की सहमति से खरीदी जाएगी.
भूमि अधिग्रहण के बाद ही HSVP तय करेगा कि कितने नए सेक्टर विकसित किए जा सकते हैं. योजना में सेक्टर- 1, 2, 4, 7, 13, 14, 15 और 16 शामिल हैं. वहीं, उकलाना में भी सेक्टर- 2P, 3P, 4P, 7P व 8P काटे जाने हैं. अग्रोहा में 222 एकड़ जमीन पर सेक्टर- 2 व 4 काटे जाएंगे. इसके लिए तीसरे चरण में ई-भूमि पोर्टल पर एक जुलाई से 31 अगस्त तक आवेदन लिए जाएंगे. मास्टर प्लान 2031 के तहत इन सेक्टरों में चौड़ी सड़कें, पार्क, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी.
नया जिला बनते ही पड़ी जरूरत
हांसी को हरियाणा का 23वां जिला बनाए जाने के बाद यहां प्रशासनिक और आवासीय जरूरतों के लिए नए सेक्टरों की रूपरेखा तैयार की गई है. नारनौंद अब हांसी जिले का हिस्सा है. यहां भी नियोजित शहरीकरण के तहत नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे. जमीन का अधिग्रहण ई- भूमि पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा ताकि किसानों को उचित मुआवजा मिल सके.
