हांसी | हरियाणा के नए जिले हांसी में रेल सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि हांसी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक विनोद भयाना ने हांसी जंक्शन पर ट्रेनों के ठहराव और रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है.
इन ट्रेनों की मिलेगी सौगात
इस पत्र में बीजेपी विधायक द्वारा गोरखपुर- भटिंडा एक्सप्रेस ट्रेन का प्रतिदिन, अगरतला- फिरोजपुर एक्सप्रेस ट्रेन का साप्ताहिक, हरिद्वार- बीकानेर ट्रेन सप्ताह में तीन दिन, जोधपुर- हिसार एक्सप्रेस ट्रेन प्रतिदिन और साबरमती- कटरा एक्सप्रेस ट्रेन के साप्ताहिक ठहराव की मांग की गई है.
विनोद भयाना ने जोधपुर- हिसार एक्सप्रेस ट्रेन को उपलब्ध लाइन ओवर का उपयोग करते हुए भिवानी सिटी तक विस्तारित करने का भी सुझाव दिया ताकि क्षेत्र के लोगों को सीधी और बेहतर रेलसेवा का लाभ मिल सके. उन्होंने कहा कि हांसी को नया जिला घोषित करने के बाद यहां रेल सेवाओं का विस्तार अत्यन्त महत्वपूर्ण हो गया है.
चकाचक बनेगा स्टेशन भवन
BJP विधायक ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर डिविजन में स्थित हांसी जंक्शन दोनों दिशाओं में रेलवे लाइन के विद्युतीकरण का काम पूरा कर चुका है. वहीं, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 16.11 करोड़ रुपए से हांसी स्टेशन के जीर्णोद्धार का कार्य प्रगति पर है. उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय बनने के बाद हांसी और आसपास के क्षेत्रों से रेलयात्रियों की संख्या का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है.
हांसी जिला बनने पर अब लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की जरूरत है. इससे क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास रफ्तार पकड़ेगा. रेल मंत्री को पत्र लिखा गया है और इस संबंध में सकारात्मक फैसला आने की उम्मीद है. हांसी की जनता की मांगों को पूरा कर रेल मंत्रालय सशक्त रेल नेटवर्क सुनिश्चित करेगा- विनोद भयाना, बीजेपी विधायक
