हांसी | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. हाल ही में प्रदेश के 23वें नए जिले के रूप में उभर कर सामने आए हांसी के एक दिव्यांग खिलाड़ी ने एक ही प्रतियोगिता में 2 गोल्ड मेडल जीतकर देशभर में हरियाणा का नाम रोशन कर दिया है. उनके प्रदर्शन ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती है. यदि आप निरंतर परिश्रम करते हैं तो सफलता की छलांग लगाने से कोई नहीं रोक सकता है.
2 गोल्ड जीतकर बनाया इतिहास
आसाम के गुवाहाटी में आयोजित सैंकड पैरा लॉन बॉल्स नेशनल चैंपियनशिप में हांसी जिले के गांव माजरा के सतीश मास्टर ने B6 कैटेगरी में डबल और ट्रिपल मुकाबलों में दो गोल्ड मेडल जीतकर नारनौंद विधानसभा क्षेत्र का नाम गर्व से रोशन कर दिया है. यह केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है.
इस प्रतियोगिता में हरियाणा के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 35 मेडल जीतकर पूरे देश में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया. जिनमें हांसी जिले के खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 5 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल अपने नाम किए.
विधायक ने दी शुभकामनाएं
यह उपलब्धियां बताती हैं कि मजबूत इरादों के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती है. विषम परिस्थितियों में हार नहीं मानते हुए यदि आप कड़ी मेहनत और लगन को तवज्जो देते हैं तो एक दिन सफलता आपके कदम अवश्य चूमती है. मेहनत ही सफलता की कुंजी होती है. उनकी इस शानदार उपलब्धि पर नारनौंद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है.
उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने साधारण खिलाड़ियों के बराबर प्रदर्शन करते हुए साबित कर दिया है दिव्यांगता सिर्फ शरीर से हैं, मन से नहीं. यदि आप बुलंद हौसलों के साथ कुछ करने की ठान लेते हैं तो किस्मत भी आपका साथ देती है.
