भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने छात्रों के लिए बड़ा बदलाव लागू करते हुए अब बोर्ड परीक्षाओं के आवेदन पत्र में अपार आईडी दर्ज कराना अनिवार्य कर दिया है. वन नेशन- वन स्टूडेंट मिशन के तहत अब वही छात्र परीक्षा परिणाम के पात्र होंगे जिनकी अपार आईडी आवेदन में दर्ज होगी. इस संबंध में बोर्ड ने सभी राजकीय और मान्यता प्राप्त गैर सरकारी स्कूलों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं.
डिजिटलीकरण को बढ़ावा देना उद्देश्य
प्रदेश सरकार ने सभी छात्रों का परीक्षा परिणाम और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का रिकॉर्ड डिजिटल माध्यम से सुरक्षित रखने के लिए अपार आईडी (स्वचालित स्थायी शैक्षणिक अभिलेख पहचान संख्या) बनाई है. इसके लिए प्रत्येक छात्र को एक यूनिक नंबर जारी किया गया है. यह आईडी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के सभी छात्रों के लिए बनवाई जा रही है.
शिक्षा बोर्ड ने डिजिटलीकरण को बढ़ावा देते हुए स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों की अपार आईडी अब तक नहीं बनी है, उनकी सूची तैयार की जा रही है. बोर्ड परीक्षा आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने से पहले स्कूल स्तर पर सभी छात्रों की आईडी बनवाना अनिवार्य कर दिया है.
रिजल्ट पर रहेगी रोक
परीक्षा आवेदन पत्र में अपार आईडी दर्ज न कराने वाले विद्यार्थियों के सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी कक्षाओं के परीक्षा परिणाम बोर्ड द्वारा जारी नहीं किए जाएंगे. इसलिए जिन छात्रों की आईडी अभी तक नहीं बनी है, वे आवेदन करने से पहले अपनी आईडी अवश्य बनवाएं.
