भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी (HBSE) की कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षा के परिणाम का इंतजार कर रहे लाखों स्टूडेंट्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षा का आयोजन 25 फरवरी से 1 अप्रैल के बीच हुआ था और कुल 2 लाख 95 हजार 478 छात्र कक्षा बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे.

लड़कियों ने बाजी मारी
HBSE बोर्ड चेयरमैन ने कक्षा 12वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है. इस बार कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 84.67 रहा है. जिसमें चरखी दादरी सबसे ऊपर और नूंह जिला सबसे नीचे रहा है. इस साल भी बोर्ड परीक्षा परिणाम में लड़कियों ने बाजी मारते हुए लड़कों को पछाड़ दिया है. लड़कियों का पास प्रतिशत 87.97 रहा है जबकि 81.45% लड़के पास हुए हैं.
ग्रामीण बच्चों का रिजल्ट रहा बेहतर
वहीं, इस साल ग्रामीण इलाकों के छात्रों का पास प्रतिशत 84.98 रहा, जबकि शहरी इलाकों के छात्रों का पास प्रतिशत 83.91 रहा. प्राइवेट स्कूलों का प्रदर्शन सरकारी स्कूलों से बेहतर रहा, जहां 87.94% छात्र पास हुए. वहीं सरकारी स्कूलों में यह आंकड़ा 82.44% रहा.
ऐसे चेक करें रिजल्ट
- सबसे पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (bseh.org.in.) पर विजिट करें.
- कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट देखने के लिए एक्टिव लिंक पर क्लिक करें.
- अब मांगे गए आवश्यक क्रेडेंशियल दर्ज करें और सब्मिट पर क्लिक करें.
- रिजल्ट खुलकर स्क्रीन पर आ जाएगा, सेव कर प्रिंट जरूर निकाल लें.
रेवाड़ी की बेटी ने किया टॉप
रेवाड़ी जिले के चिल्लर में स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा दीपिका 499 नंबरों के साथ पूरे हरियाणा में टॉप किया है. रोहतक के रूड़की स्थित कन्या गुरुकुल की छात्रा उदिता 498 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर रही है.
जींद जिले के गांव बुडायन के शिक्षा भारती ग्लोबल स्कूल की छात्रा योगिता और जींद के ही धमतान साहिब गांव में स्थित ज्ञान भारती स्कूल की छात्रा मुस्कान 497 नंबरों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर रही है.