भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) द्वारा प्रदेश भर में HTET परीक्षा का आयोजन करवाया गया. चार लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने इनके लिए आवेदन किए थे. सवा 3 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी. अब अभ्यर्थी बेसब्री से रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं. रिजल्ट को लेकर बोर्ड सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने जानकारी दी कि ओएमआर शीट की 4 लेवल पर जांच की जाएगी. इसके बाद ही त्रुटि रहित रिजल्ट डिक्लेयर किया जाएगा.
अगस्त के तीसरे सप्ताह तक आ सकता है रिजल्ट
उन्होंने जानकारी दी कि अगस्त के तीसरे सप्ताह तक परिणाम जारी किए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि मार्कशीट आने के बाद प्रक्रिया के तहत ओएमआर शीट की इमेज कैप्चरिंग की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की छेड़छाड़ या बदलाव की संभावना न रहे. उसके बाद, एक फर्म उन्हें स्कैन करने का काम करेगी और फिर रिजल्ट तैयार किया जाएगा. इसके बाद भी, यदि कोई त्रुटि मिलती है तो उसे दूर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि दूसरी फर्म ओएमआर शीट को स्कैन करके रिजल्ट तैयार करेगी. उस परिणाम को भी दोबारा चेक किया जाएगा.
3 स्तर पर जांच के बाद घोषित होगा परिणाम
दोनों के परिणामों की तुलना की जाएगी. यदि कोई अंतर मिलता है, तो उसकी पुनः जांच की जाएगी. दो फर्मों से परिणाम की जांच के बाद तीसरी फर्म द्वारा भी जांच की जाएगी. उसके बाद, एक अन्य स्तर पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा कुछ प्रतिशत ओएमआर शीट की मैनुअल जांच की जाएगी. इस प्रकार चार तरह से जांच के बाद यदि कोई त्रुटि नहीं मिलती, तो परिणाम को घोषित कर दिया जाएगा. अनुमान है कि तीन सप्ताह में HTET परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया जाए.
उत्तर कुंजी जारी
डॉ. मुनीश नागपाल ने जानकारी दी कि परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं और ड्राफ्ट आंसर की जारी कर दी गई है. यदि किसी भी अभ्यर्थी को किसी प्रश्न के उत्तर में कोई आपत्ति है, तो वह 1 से 3 अगस्त तक अपनी आपत्तियों को निर्धारित शुल्क ₹1000 प्रति प्रश्न जमा करवाते हुए दर्ज करवा सकता है.
