भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की तरफ से दूरस्थ शिक्षा की तर्ज पर हरियाणा ओपन के तहसील लेवल पर स्टडी सेंटर खोलेगा. इन अध्ययन केंद्रों पर छुट्टी वाले दिन पढ़ाई होगी. ऐसे बच्चे जो कुछ कारणों से स्कूल नहीं जा पा रहे थे उनके लिए एक अच्छी खबर है. बिना किसी वजह भी नियमित पढ़ाई नहीं कर सकने वाले बच्चे भी यहां पढ़ सकेंगे.

हरियाणा में खुलेंगे स्टडी सेंटर
ये अध्ययन केंद्र उन्हीं स्कूलों में खोले जाएंगे, जहां आर्ट, कामर्स, साइंस पढ़ाने की पूरी व्यवस्था रहेगी. हमारे यहां हजारों बच्चे, बड़े किसी न किसी कारण से अपनी नियमित पढ़ाई नहीं कर पाते. ऐसे में ना पढ़ पाने की कमी मन में हमेशा खलती है.
CBSE के स्टूडेंट्स भी कर पाएंगे रजिस्ट्रेशन
ऐसे बच्चों व बड़ों की परेशानी को देखते हुए समग्र शिक्षा अभियान के तहत अधिकारियों ने आसपास के राज्यों पंजाब, राजस्थान, हिमाचल में शिक्षा व्यवस्था का एनालिसिस किया. इसके बाद निर्णय लिया गया कि हरियाणा ओपन स्कूल के तहसील स्तर पर अध्ययन केंद्र खोले जाएंगे ताकि पढ़ाई से वंचित बच्चे, युवा इन केंद्रों में रजिस्ट्रेशन कराकर अपनी पढ़ाई कर सके. इसमें सीबीएसई के स्टूडेंट्स भी रजिस्ट्रेशन करवा पाएंगे.
साइंस सब्जेक्ट लेने वालों के लिए होंगी लैब
स्टडी सेंटर ओपन करने के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से पूरा प्लान बना लिया गया है. ऐसे स्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को ही अध्ययन केंद्र खोलने की परमिशन दी जाएगी, जहां आर्ट, कामर्स व साइस स्ट्रीम की पढ़ाई होती होगी. साइंस लेने वाले विद्यार्थियों को लैब की सुविधा मिलेगी. इसके लिए 20 कक्षाएं लगाई जाएगी. ये क्लासेज छुट्टी वाले दिन लगेगी. सिलेबस बोर्ड द्वारा आनलाइन जारी किया जाएगा.