हिसार | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए नए साल पर बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि रेल मंत्रालय ने इंदौर से दिल्ली के बीच आवागमन करने वाली त्रि- साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन के रूट विस्तार को हरी झंडी दिखा दी है. अब यह ट्रेन इंदौर से वाया दिल्ली होते हुए रोहतक और महम के रास्ते हिसार का सफर तय करेगी.
हिसार- रोहतक के लिए खुशखबरी
इस ट्रेन के विस्तार का सिर्फ हिसार ही नहीं बल्कि हांसी, महम और रोहतक जिले के यात्रियों को भी फायदा पहुंचेगा. यात्रियों को अपने नजदीकी स्टेशन से इंदौर के लिए सीधी ट्रेन सेवा का लाभ मिलेगा. इसके साथ ही, दिल्ली आवागमन करने के लिए एक अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी. अभी तक इन शहरों से इंदौर के लिए सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं थी जिसके चलते यात्रियों को दिल्ली पहुंचकर दूसरी ट्रेन में सवार होना पड़ता था लेकिन अब इस ट्रेन की सौगात मिलने पर इस परेशानी से छुटकारा मिलेगा. अब यह ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की बजाय दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से संचालित की जाएगी.
यह रहेगा शेड्यूल
ट्रेन नंबर 20957, इंदौर- हिसार प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को शाम 04.45 बजे इंदौर से रवाना होकर सुबह 04.52 बजे दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर आगमन करेगी. यहां से शकूर बस्ती और रोहतक होते हुए यह ट्रेन सुबह 09.20 बजे हिसार रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी.
इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 20958, हिसार- इदौंर प्रत्येक सोमवार, वीरवार और शनिवार को हिसार से दोपहर 01.20 बजे रवाना होकर शाम सवा 6 बजे दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन और अगले दिन सुबह पौने 7 बजे इंदौर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी.
इस तारीख से होगी संचालित
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि इस ट्रेन के रूट में बदलाव को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी प्रदान कर दी है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने पुराने रूट पर इस ट्रेन की टिकट बुकिंग को फिलहाल रोक दिया है. रेलवे की ओर से नया रूट और संशोधित समय- सारिणी जारी होने के बाद टिकट बुकिंग दोबारा शुरू की जाएगी. 15 मार्च के बाद ट्रेन के नए रूट से संचालित होने की संभावना जताई जा रही है.
