हिसार | हरियाणा के हिसार रेलवे स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई शेड लगाने की तैयारी की जा रही है. इसे यात्रियों को धूप और गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है. यहां पर लगी पुरानी शेड को हटा दिया गया है, जिससे यात्रियों को धूप और बारिश के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
शेड की लंबाई बढ़ाई जाएगी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जल्द ही नई और बेहतर शेड लगाने का कार्य पूरा किया जाएगा ताकि यात्रियों को परेशानी से जल्द छुटकारा मिले. इसके लिए यहां 12 मीटर लंबे फुटओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है, जिसके चलते पुरानी शेड को हटा दिया गया है. अब ओवरब्रिज के निर्माण के साथ नई शेड लगाने का काम किया जाएगा. बताया जा रहा है कि इस बार शेड की लंबाई पहले की तुलना में अधिक होगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को इसका लाभ मिल सके. रेलवे की योजना पूरे प्लेटफार्म को शेड से कवर करने की है.
खेल परिसर का काम जारी
दूसरी ओर रेलवे कर्मियों के क्वार्टरों के बीच बनाए जा रहे खेल परिसर का निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है. पुराने रेलवे अस्पताल की इमारत को तोड़ दिया गया है और उसकी जगह नई इमारत बनाई जा रही है. अस्पताल के सामने ही खेल परिसर विकसित किया जा रहा है जिसमें बैडमिंटन हॉल और कम्युनिटी सेंटर शामिल होंगे. इस बैडमिंटन एकेडमी में रेलवे कर्मचारी और उनके बच्चे अभ्यास कर सकेंगे जिससे उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा.
