हिसार | हरियाणा के हिसार जिले के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सरकार ने हिसार शहर में सिटी बस सेवा को सुदृढ़ एवं मजबूत करने का निर्णय लिया है. अब हिसार में 50 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन किया जाएगा. इसके साथ ही, 8 करोड़ की लागत से इलेक्ट्रिक बसों के लिए अलग से बस अड्डा भी बनाया जाएगा.
5 से 7 मिनट में बस सेवा उपलब्ध
यह निर्णय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई परचेज कमेटी की बैठक में लिया गया है. इन बसों का संचालन हिसार महानगर विकास प्राधिकरण (HMDA) के माध्यम से किया जाएगा.वर्तमान में हिसार शहर में केवल 5 इलेक्ट्रिक बसें दो रूटों पर संचालित है, जोकि बस स्टैंड से आजाद नगर, गंगवा और बस स्टैंड से जिंदल चौक और आधार हॉस्पिटल है. बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को 20 से 25 मिनट इंतजार करना पड़ता है. बसों की संख्या 50 होने के बाद प्रत्येक बस 5 से 7 मिनट में उपलब्ध कराने की योजना है.
निजी वाहनों पर निर्भरता कम
नए प्रस्ताव के बाद हिसार बस अड्डे के पीछे चिन्हित भूमि पर सिटी बसों के लिए अलग से अड्डा बनाया जाएगा. इसके साथ ही यहां बसों की चार्जिंग के लिए चार्जिंग स्टेशन सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएगी. इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए लगभग 2 एकड़ भूमि पर चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे.
प्रशासन का मानना है कि यदि बसों की संख्या बढ़ जाती है तो लोगों की निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और वे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करेंगे. नई बसें शामिल होने के बाद रूट विस्तार की उम्मीदें भी जताई जा रही है.
