हिसार | चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में आमतौर पर 11 मई तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा. इस दौरान उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की भी संभावना बनी हुई है. प्रदेश में एक कम सक्रियता वाले पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण बीच-बीच में आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी. इसके अलावा हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने के भी आसार बने हुए हैं. प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की भी आशंका जताई गई है. इसके कारण दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.
10 मई से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
इसके बाद 10 मई की देर रात के बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके आंशिक प्रभाव के चलते प्रदेश में 11 मई से एक बार फिर से मौसम में बदलाव होने तथा बरसात की संभावना बनी हुई है.
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आज प्रदेश के तीन जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इस दौरान यहां गरज-चमक के साथ बरसात और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी आसार बने हुए हैं. इसके अलावा लगभग सभी जिलों में मौसम साफ बना रहेगा.
9 और 10 मई को इन जिलों में बरसात के आसार
9 मई को प्रदेश के 8 जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी में बरसात होने की 25% तक संभावना बनी हुई है. वहीं अगले दिन 10 मई को पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर क्षेत्र में 25 से 50% तक बरसात की संभावना जताई गई है. कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जिला रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में 25% तक बरसात के आसार बने हुए हैं लेकिन हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में मौसम शुष्क बना रहेगा.
