हिसार | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) राज्य में परिवहन विभाग का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में सरकार ने बरवाला में हिसार रोडवेज का उप डिपो बनाने की तैयारियां तेज कर दी है. हांसी जिला बनने के बाद हिसार जिला में रोडवेज विभाग का कोई सब डिपो नहीं है. ऐसे में बरवाला में सब डिपो बनाए जाने को लेकर राज्य परिवहन विभाग के निदेशक ने हिसार रोडवेज के महाप्रबंधक से रिपोर्ट मांगी है. निदेशक द्वारा मांगी गई अधिकतर जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने उपलब्ध करवा दी है.
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बरवाला में उप डिपो बनाने के लिए उच्च अधिकारियों से मांग की थी. इस पर जानकारी लेते हुए परिवहन विभाग ने इस दिशा में काम करना शुरू कर दिया है.
हिसार के लोगों को मिलेगी बेहतर सुविधा
बरवाला में रोडवेज का सब डिपो बनने के बाद लोगों को बसों के लिए बेहतर परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा. पुरानी बसों की मरम्मत कार्य में आसानी होगी. कई बार बसें बीच रास्ते में खराब हो जाती है, जिससे यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ता है. यहां डिपो सुविधा होने के बाद तुरंत दूसरी बसों को भेजा जा सकेगा. साथ ही यहां उप डिपो बनने से पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, सिरसा व अन्य शहरों के लिए सीधी बस सेवा भी शुरू होगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सफर का अनुभव मिलेगा.
उप डिपो बनने की प्रक्रिया शुरू
हरियाणा राज्य परिवहन के निदेशक ने हिसार के महाप्रबंधक से जानकारी मांगी है कि यहां राज्य परिवहन और सहकारी समितियों की कितनी बसें चलती है और रात को कितनी बसों का ठहराव यहां होता है. उप डिपो के लिए यहां कितनी भूमि उपलब्ध है और उप डिपो के लिए कितनी बसों की सेवाएं शुरू की जा सकती है. ये सब जानकारियां मिलते ही बरवाला में उप डिपो बनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.
