हिसार | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Roadways Department) ने रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों को किराए में बढ़ोतरी का झटका दिया है. बता दें कि बस स्टैंड के आसपास के ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए हिसार रोडवेज डिपो ने सिरसा और चंडीगढ़ रूट की बसों का संचालन बस स्टैंड के पिछले गेट से शुरू कर दिया है. ऐसे में बसों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिसका सीधा असर यात्री किराए पर पड़ा है.
यात्री किराए में बढ़ोतरी
हिसार बस स्टैंड से चंडीगढ़ और सिरसा के लिए यात्री किराए में 5-5 रुपए की बढ़ोतरी की गई है. हिसार से सिरसा का किराया पहले 105 रुपये था जो अब 110 और चंडीगढ़ का किराया 320 रुपये की जगह 325 रुपये कर दिया गया है. रोडवेज प्रबंधन ने तर्क दिया है कि पिछले गेट से दोनों रूट की बसों का संचालन करने से अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, इसलिए किराया बढ़ाना पड़ा है.
उधर, इस व्यवस्था से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. अब बालसमंद रूट की बसें भी शहर के बीचोंबीच से न होकर पिछले गेट से जा रही हैं. ऐसे में इस रूट पर सफर करने के लिए यात्रियों को बस स्टैंड आना पड़ता है, जबकि पहले रानी लक्ष्मीबाई चौक सहित कई अन्य जगहों से बस पकड़ लेते थे. अब यात्रियों को ऑटो या अन्य किसी वाहन से बस स्टेंड तक आना ही होगा. इससे भी उनकी जेब पर असर पड़ेगा.
पिछले गेट से निकल रही बसें
हिसार डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि बस स्टैंड के पिछले गेट से हिसार सहित अन्य डिपो की 600 बसों का संचालन हो रहा है. उन्होंने बताया कि सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक पिछले गेट से ही बसों का संचालन किया जा रहा है. 5 नंबर काउंटर से 16 नंबर काउंटर तक की सभी बसें पिछले गेट से ही अपने गंतव्य स्थान के लिए निकल रही है.
शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए उपायुक्त ने रोडवेज सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर चंडीगढ़ और सिरसा रूट की बसें बस स्टैंड के पिछले गेट से संचालित करने के निर्देश दिए थे- राहुल मित्तल, महाप्रबंधक, हिसार रोडवेज डिपो
