झज्जर | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने बतौर वित्त मंत्री अपना पहला बजट पेश किया. उन्होंने इतिहास में पहली बार प्रदेश का 2 लाख 5 हजार 17 करोड़ का बजट पेश किया है. पिछले साल पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 1.89 लाख करोड रुपए का बजट पेश किया था. इस बार बजट में 13.7% यानि 16 हजार करोड़ की बढ़ोतरी हुई है.
झज्जर जिले के लिए बड़ी घोषणाएं
हरियाणा सरकार के बजट की बात करें, तो झज्जर जिले के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कई बड़ी घोषणाएं की है. स्वास्थ्य सुविधाओं से लेकर मेट्रो लाइन का विस्तार समेत झज्जर जिले को कई बड़ी सौगात मिली है. प्रदेश के बजट को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि हरियाणा को उन्नति की राह पर अग्रसर करने में सफलता प्रदान करेगा.
जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की बात करें, तो सिविल अस्पताल को 100 बेड से 200 बेड के अस्पताल के रूप में अपग्रेड किया जाएगा. इसके अलावा, बहादुरगढ़ में 100 बिस्तर के ईएसआई अस्पताल के निर्माण को 2025- 26 में पूरा करने की घोषणा की गई है. स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए 14 जिलों के सिविल अस्पतालों में 70 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस एवं अन्य संरचनात्मक सुधार होंगे, जिसमें झज्जर जिला भी शामिल हैं.
मेट्रो लाइन का विस्तार
बीजेपी नेता दिनेश कौशिक ने बताया कि बजट भाषण में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने झज्जर में मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए बहादुरगढ़- आसौदा मेट्रो लाइन के निर्माण के लिए अध्ययन करने की बात कही है.
उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ में गैर- औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित एमएसएमई यूनिट्स को कई प्रकार की मंजूरी लेने में दिक्कत आती है लेकिन अब इन यूनिट्स को वैध यूनिट्स माना जाएगा. बजट में सीएम द्वारा की गई इस घोषणा से औद्योगिक क्षेत्र को फायदा पहुंचेगा और जिले में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी.
