खुशखबरी: झज्जर- दादरी- लोहारू रेल लाइन निर्माण की फिर जगी उम्मीदें, सर्वे के लिए धनराशि जारी

झज्जर | हरियाणा के झज्जर- चरखी दादरी- लोहारू रेलवे लाइन के निर्माण को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है. रेल मंत्रालय ने फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) के लिए 2 करोड़ 35 लाख रुपये का बजट जारी किया है. यह राशि झज्जर- चरखी दादरी- लोहारू सेक्शन के सर्वे पर खर्च की जाएगी. प्रस्तावित रेल लाइन की लंबाई करीब 94 किलोमीटर है. फाइनल लोकेशन सर्वे में नए रेल ट्रैक का अलाइनमेंट, जमीन अधिग्रहण की जरूरत, स्टेशन पॉइंट्स, फ्रेट कॉरिडोर से कनेक्शन, यात्री संभावनाएं और लागत बनाम लाभ का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा. सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ही तय होगा कि परियोजना को रेलवे बजट में किस वित्तीय वर्ष में और किस स्वरूप में शामिल किया जाएगा.

Railway Line Track 1

रेल मंत्रालय ने इस परियोजना के सर्वे को दोबारा मंजूरी दी है. इससे पहले वर्ष 2016 में भी इसका सर्वे किया गया था, लेकिन उस समय कम ट्रैफिक, कम आबादी और सीमित आर्थिक संभावनाओं के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी थी.

6 नए स्टेशन

अब नए सर्वे में भविष्य की जरूरतों और क्षेत्र में बढ़ रही औद्योगिक गतिविधियों को भी ध्यान में रखा जाएगा. इस रेलवे लाइन से झज्जर जिले के ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. जिले की सीमा में छह नए रेलवे स्टेशन प्रस्तावित हैं. इनमें दादरी तोए, झज्जर, एमपी माजरा, छुछकवास, मातनहेल और बिरोहड़-खाचरौली शामिल हैं. प्रस्तावित रेल लाइन के जरिए लोहारू से आगे राजस्थान तक रेल कनेक्टिविटी के विस्तार का रास्ता भी खुल सकता है. सर्वे में जमीन की जरूरत, संभावित यातायात, फ्रेट लोड, पोर्ट कनेक्टिविटी, औद्योगिक क्लस्टर और भविष्य की आवश्यकताओं का अध्ययन किया जाएगा.

लोहारू से पिलानी तक प्रस्तावित नई रेल लाइन भी इस नेटवर्क का अहम हिस्सा मानी जा रही है. पिलानी प्रमुख शिक्षा और शोध केंद्र है. रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से विद्यार्थियों, व्यापारियों, सैनिकों और किसानों को फायदा मिल सकता है.

बढ़ेगी कनेक्टिविटी

नई रेलवे लाइन का नक्शा भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट किया है. यह लाइन औद्योगिक क्षेत्रों को गुजरात के प्रमुख बंदरगाहों से जोड़ने में मददगार हो सकती है. फर्रुखनगर से लोहारू तक प्रस्तावित लाइन साउथ हरियाणा इकोनॉमिक रेल कॉरिडोर का हिस्सा है, जिसकी लंबाई करीब 129 किलोमीटर बताई गई है. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, झज्जर- चरखी दादरी- लोहारू रेलवे लाइन के अलाइनमेंट को मंजूरी मिल चुकी है. ट्रैफिक सर्वे पूरा हो गया है और कॉन्सेप्ट प्लान मंजूरी के लिए भेजा गया है. डीजीपीएस सर्वे भी पूरा किया जा चुका है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.