झज्जर | हरियाणा के झज्जर जिले से दो युवा प्रतिभाओं ने यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) सिविल सर्विस एग्जाम में बेहतर परिणाम लाकर देशभर में प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है. खेड़ी सुल्तान गांव की बेटी शीतल चौहान ने 402वीं रैंक हासिल की है जबकि साल्हावास गांव के जतिन जाखड़ ने 191वीं रैंक हासिल कर झज्जर जिले का गौरव बढ़ाया है.
शीतल ने बताया अपनी सफलता का राज
UPSC सिविल सर्विस एग्जाम में 402वीं रैंक हासिल करने पर शीतल चौहान के घर पर खुशियां छाई हुई है. परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर इस खुशी का इजहार किया और बेटी शीतल के उज्जवल भविष्य की कामना की. ग्रामीणों ने कहा कि शीतल की यह उपलब्धि अन्य लड़कियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी और आगे भविष्य में गांव से और भी लड़कियां इसी तरह उपलब्धि हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय देगी.
अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए शीतल चौहान ने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट और कड़ी मेहनत से प्रयास किए जाएंगे तो सफलता एक दिन आपके कदम अवश्य चूमती है. बच्चों को आगे बढ़ाने में माता-पिता का सहयोग बहुत जरूरी होता है.
यदि वो एक अच्छे मार्गदर्शक की भूमिका अदा करते हैं तो जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता- पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि यदि पूरी मेहनत और लगन से मंजिल की ओर बढ़ा जाए तो कामयाबी के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
किसान के बेटे ने मारी बाजी
एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले जतिन जाखड़ ने अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लगातार चार बार असफलता का मुंह देखना पड़ा था लेकिन उन्होंने पीछे हटने की बजाय और ज्यादा बेहतर तरीके से मेहनत जारी रखी और 5वें प्रयास में मंजिल को हासिल कर लिया. उन्होंने बताया कि दिल्ली और रोहतक की लाईब्रेरी में बैठकर घंटों की गई मेहनत का सकारात्मक परिणाम सामने आया है.
उन्होंने कहा कि यदि आप पूरी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करे तो बिना कोचिंग के भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है. उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि आप निरंतर परिश्रम और लगन से पढ़ाई करते हैं तो एक दिन सफलता आपके कदम अवश्य चूमती है.
