झज्जर | हरियाणा के झज्जर में मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेट रखने के लिए जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण- 2026 के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत 29 और 30 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान होगा. दोनों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे. इस दौरान लोग अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांच सकेंगे. नाम, पता, उम्र, फोटो या अन्य जानकारी में किसी तरह की गलती मिलने पर दावा या आपत्ति भी दर्ज कराई जा सकेगी.
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी वर्षा खांगवाल ने जिलावासियों से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची जरूर देखें. अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है या किसी मतदाता की जानकारी गलत दर्ज है तो निर्धारित फॉर्म के जरिए आवेदन किया जा सकता है.
लोगों की भागीदारी जरूरी
उन्होंने कहा कि सही और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. इसके लिए प्रशासन लगातार काम कर रहा है, लेकिन लोगों की भागीदारी भी जरूरी है. अगर किसी पात्र नागरिक का नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में नहीं है तो फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने का दावा किया जा सकता है. वहीं नाम, पता, आयु, फोटो या दूसरी जानकारी में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के जरिए आवेदन करना होगा.
मतदाता सूची में किसी मृत, अपात्र, स्थानांतरित या अन्य जगह पहले से पंजीकृत व्यक्ति का नाम होने पर उसे हटाने के लिए फॉर्म- 7 के माध्यम से दावा या आपत्ति दी जा सकती है.
दे सकेंगे दावे- आपत्तियां
मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां 30 अगस्त 2026 तक जमा कराई जा सकती हैं. नागरिक इसके लिए संबंधित ERO या AERO कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है. मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है. डीसी ने लोगों से अपील की कि वे विशेष अभियान के दौरान अपने और परिवार के पात्र सदस्यों के नाम जरूर जांचें और किसी भी गलती को समय रहते ठीक कराएं.
