झज्जर | दिल्ली से सटे बहादुरगढ़ शहर के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. यहां पुराने दिल्ली- रोहतक रोड (NH- 10) की बहुत जल्द तस्वीर बदलने जा रही है. रविवार को बहादुरगढ़ से निर्दलीय विधायक राजेश जून ने अपने कोटे से 4.16 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया.
विधायक ने किया शुभारंभ
राजेश जून ने बताया कि सांखोल गांव से सेक्टर- 9 बाईपास मोड तक बनने वाली इस सड़क के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया है, जो कि विधायक हैं. उनके कोटे से उपलब्ध 25 करोड़ रुपए में से इस सड़क को बनाया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान किसी तरह की लापरवाही या घटिया सामग्री का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए.
उन्होंने बताया कि इस सड़क मार्ग पर जगह- जगह गढ्ढों से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी. आए दिन दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता था. लोगों की मांग पर अब इस सड़क मार्ग को दुरुस्त करने का फैसला लिया गया है. लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने पिछले दिनों इसका टेंडर लगाया था. अब काम अलॉट कर दिया गया है और उसे शुरू भी किया गया है.
सुरक्षित होगा सफर
MLA राजेश जून ने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यदि कहीं पर लापरवाही या घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है, तो वे तुरंत मुझे सूचना दें या आनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं. उन्होंने कहा कि इस सड़क मार्ग के निर्माण से न केवल लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि उन्हें सुरक्षित सफर का अनुभव मिलेगा.
