झज्जर | हरियाणा में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली से सटे झज्जर (Jhajjar) के बहादुरगढ़ में विकास कार्यों को रफ्तार देते हुए टूटी हुई सड़कों के जीर्णोद्धार की प्रकिया शुरू हो गई है. बहादुरगढ़ से निर्दलीय विधायक राजेश जून ने बराही गांव से शहर के लाइन पर क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. साढ़े 3 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर करीब 93 लाख रूपए खर्च होंगे.
गुणवत्ता का रखें विशेष ध्यान
विधायक राजेश जून ने सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार को बढ़िया सामग्री इस्तेमाल करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क की मजबूती बनी रहें और लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिलता रहें. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ कदमताल मिलाते हुए बहादुरगढ़ शहर में विकास कार्यों की झड़ी लगाई जाएगी. शहर में साफ- सफाई, बढ़िया सड़कें, बेहतर सीवर व्यवस्था, साफ पानी, यातायात और मेडिकल सुविधाएं आदि के समुचित इंतजाम किए जाएंगे.
दी चेतावनी
राजेश जून ने कहा कि बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की तस्वीर बदलने जा रही है. इस महीने ज्यादातर सड़कों की मरम्मत करते हुए उन्हें चकाचक किया जाएगा. जल्द ही, शहर के अंदर और बाहर टूटी हुई सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होगा. उन्होंने तमाम विभागों के अधिकारियों और ठेकेदारों को गुणवत्तापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए हैं और निर्माण कार्य में किसी भी तरह की कोताही बरतने पर कड़ी कार्रवाई करवाने की चेतावनी भी दी है.
