झज्जर | हरियाणा बिजली विभाग ने झज्जर शहर की जनता को अच्छी खबर सुनाई है. शहर में पॉवर हाउस (Power House) के खराब होने पर बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए शहर के सभी पॉवर हाउस को रिंग मेन के साथ जोड़ा जाएगा. इस कदम से एक पॉवर हाउस के खराब होने पर दूसरे पॉवर हाउस से बिजली सप्लाई की जा सकेगी. इससे लोगों को बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या से छुटकारा मिलेगा.
4 करोड़ रूपए होंगे खर्च
बिजली विभाग की ओर से इस संबंध में एक प्रपोजल तैयार किया गया है जिसपर 4 करोड़ रूपए की लागत आएगी. शहर में अलग- अलग पॉवर हाउस से अलग- अलग क्षेत्रों को जोड़ा गया है, जिसके माध्यम से शहर में बिजली आपूर्ति की जाती है. यदि किसी वजह से एक पॉवर हाउस में खराबी आती है, तो उस क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिसके चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है. इस पॉवर हाउस को एक-दूसरे से कनेक्ट कर लोगों को इस परेशानी से छुटकारा दिलाया जाएगा. इस काम को इसी साल पूरा कर लिया जाएगा.
शहर में 3 पॉवर हाउस
झज्जर शहर में 3 पॉवर हाउस हैं, जिन्हें रिंग मेन के जरिए एक- दूसरे से कनेक्ट करने का काम शुरू किया जाएगा. इसमें एक बिजली विभाग के कार्यालय, दूसरा सांपला रोड व तीसरा सेक्टर- 6 में स्थित है. उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) के अधीक्षण अभियंता यशवीर सिंह ने बताया कि रिंग मेन के जरिए तीनों पॉवर हाउस को एक- दूसरे से कनेक्ट किया जाएगा, ताकि शहर में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रह सकें.
