झज्जर | हरियाणा के झज्जर जिला पुलिस में 70 पदों पर स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की भर्ती होनी है. इस भर्ती के लिए पूर्व सैनिक अथवा केंद्रीय सशस्त्र बलों का पूर्व जवान जिसकी आयु 25 से 50 वर्ष के बीच है, वह आवेदन कर सकता है. SPO की भर्ती के लिए आवेदन पत्र जमा करवाने की प्रक्रिया 21 दिसंबर 2024 से शुरू हो चुकी है और आवेदक 1 जनवरी 2025 तक अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं.
झज्जर जिले में होगी 70 SPO की भर्ती
आवेदकों के लिए आवेदन प्रक्रिया झज्जर गुरुग्राम रोड पर बने लघु सचिवालय के तीसरे तल पर पुलिस कैंटीन के सामने बने रूम में जारी रहेगी. इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त मुख्यालय झज्जर दीपक सहारन ने बताया कि जिले में 70 एसपीओ की भर्ती की जाएगी, जिसके लिए कमेटी गठित की गई है. पुलिस उपायुक्त ने बताया कि भारतीय सेना का कोई भी सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक, सेंट्रल आर्ट फोर्स व हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल, हरियाणा सशस्त्र पुलिस बल का पूर्व जवान, जो विभाग की निर्धारित शर्तों को पूरा करता हो वह आवेदन कर सकता है.
कमेटी द्वारा लिया जाएगा उम्मीदवारों का इंटरव्यू
भर्ती होने वाले पूर्व सैनिक की सेना में सेवा कम से कम 5 वर्ष की होनी चाहिए. रिटायरमेंट के वक़्त चिकित्सा ए श्रेणी का होना चाहिए. सेवा से निवृत्ति के समय चरित्र प्रमाणपत्र अनुकरणीय होना चाहिए. उन उम्मीदवारों को अधिमान दिया जाएगा, जो सेना में सक्रिय सशस्त्र कार्यों जैसे आपूर्ति कोर, चिकित्सा कोर, और एनएसजी कमांडो/ कमांडो और आर्मी से कोई स्पेशल दक्षता प्राप्त कोर्स पास हो. आवेदकों का चयन साक्षात्कार पुलिस मुख्यालय द्वारा नामित कमेटी द्वारा लिया जाएगा. राज्य सरकार की तरफ से जारी हिदायतों के अनुसार पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा.
यह नियम किये गए तय
भर्ती के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार, 1 जनवरी 2025 तक आवेदक की उम्र 25 से 50 साल के बीच होनी चाहिए. उसे अनुशासनहीनता, कदाचार या चिकित्सा अस्वस्थता के कारण सेवा से न हटाया गया हो. एसपीओ के तौर पर भर्ती होने वाले भूतपूर्व सैनिक, सेंट्रल आर्ल्ड पुलिस फोर्स व हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल, हरियाणा सशस्त्र पुलिस बल के पूर्व जवान सिर्फ 1 साल की अवधि के लिए हरियाणा सरकार द्वारा निर्धारित मानदेय पर रखे जाएंगे.
गृह पुलिस थानो में नहीं मिलेगी ड्यूटी
एसपीओ के पद पर चयनित आवेदकों को उनके होम पुलिस थानों में तैनात नहीं किया जाएगा. चयनित एसपीओ को भर्ती के समय 2 जोडी वर्दी, एक जोड़ी जूते और अन्य जरूरी वर्दी से संबंधित वस्तुओं के लिए 3,000 रुपये सिर्फ एक बार दिए जाएंगे. चयनित विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) को आकस्मिक अवकाश, जो हरियाणा पुलिस के सिपाही के लिए लागू नियम अनुसार दिए जायेंगे.
भर्ती किए गए एसपीओ हरियाणा सरकार द्वारा निर्धारित अनुग्रह राशि के भी पात्र रहेंगे. भर्ती किए गए एसपीओ को आपातकालीन स्थिति में कुछ समय के लिए हरियाणा राज्य के किसी भी जिले में तैनाती दी जा सकती है. भर्ती के वक़्त कोई लिखित परीक्षा अथवा शारीरिक मापतोल नहीं किया जाएगा.
