जींद | हरियाणा के जींद जिले के पहलवान रविंद्र तोमर आजकल चर्चा का विषय बने हुए हैं. वह हरिद्वार से गंगाजल लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को गंगाजल से स्नान करवाने के लिए पैदल यात्रा पर निकले हैं. करीब 475 किलोमीटर का सफर तय करके वह बुग्गी खींचते हुए मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचेंगे और उन्हें गंगाजल अर्पित करेंगे. इस यात्रा के पीछे उनका उद्देश्य भी बेहद सराहनीय है.
युवाओं को दे रहे संदेश
रविंद्र तोमर को लोग ‘अहंकारी रावण’ के नाम से भी जानते हैं. युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने के लिए उन्होंने अपना कामकाज और पहलवानी तक छोड़ दी है. वह बुग्गी खींचकर हरियाणा और पंजाब के हर जिले में घूम चुके हैं. खास बात यह है कि उनकी बुग्गी के आगे कोई बैल या घोड़ा नहीं है, बल्कि वह खुद ही उसे खींचते हैं. इसके माध्यम से वह युवाओं को नशे की बुराई से दूर रहने का संदेश दे रहे हैं.
मुख्यमंत्री को करेंगे गंगाजल अर्पित
बीते दिनों जब हरियाणा सरकार ने घोषणा की कि प्रदेश के 700 गांव नशा मुक्त हो चुके हैं, तो रवींद्र तोमर इससे प्रभावित होकर 20 जून को सफीदों स्थित अपने घर से हरिद्वार की यात्रा पर निकल पड़े. उनका कहना है कि जब मुख्यमंत्री नशे के खिलाफ अभियान चला रहे हैं, तो उनका धन्यवाद करना उनका फर्ज है. वे 23 जुलाई को महाशिवरात्रि के दिन मुख्यमंत्री के चंडीगढ़ स्थित आवास पर 11 लीटर गंगाजल लेकर पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री से आग्रह करेंगे कि वे इसी जल से स्नान करें.
इस लिए लड़ रहे नशे के खिलाफ लड़ाई
रविंद्र तोमर ने बताया कि जब वह नौकरी के कारण घर से दूर रहते थे, उस दौरान उनका चचेरा भाई नशे की गिरफ्त में आ गया था. लाख समझाने के बावजूद वह नशे से बाहर नहीं निकल सका और कम उम्र में ही उसकी मृत्यु हो गई. तभी से उन्होंने ठान लिया कि वह युवाओं को जागरूक करेंगे. उनका कहना है कि अगर मुख्यमंत्री प्रदेश के सभी गांवों से शराब के ठेके बंद करवा दें, तो वे सभी 90 विधायकों और मंत्रियों को भी गंगाजल से स्नान करवाएंगे. नशे के खिलाफ वह पहले भी हरियाणा और पंजाब में बुग्गी यात्रा निकाल चुके हैं.
