जींद | रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. देश की बहुप्रतीक्षित पहली हाइड्रोजन ट्रेन पटरी पर दौड़ने को तैयार हो चुकी है. सोमवार यानि आज से जींद से सोनीपत के बीच इस ट्रेन का संचालन किया जाएगा. इस सप्ताह यह ट्रेन इस रूट पर दिन में दो से तीन चक्कर लगाएगी, जो कि ट्रायल का हिस्सा रहेगा.
अब तक जारी है ट्रायल का दौर
लखनऊ से आईं अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO) की टीम ने 25- 28 फरवरी तक हाइड्रोजन ट्रेन का रनिंग ट्रायल किया था. पहले पांडू पिंडारा तक डीजल इंजन की मदद से ले जाया गया. पांडू पिंडारा से ललित खेड़ा तक हाइड्रोजन इंजन के साथ रनिंग ट्रायल हुआ. इस दौरान 60- 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दोनों स्टेशनों के बीच दो बार ट्रेन को दौड़ाया गया.
Bharat’s First Hydrogen Train! 🇮🇳
Coming soon… pic.twitter.com/Mtq72zd1Dd— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) August 12, 2025
पिछले सप्ताह ट्रेन को मेंटेनेंस के लिए दिल्ली के शकूरबस्ती भेजा गया था. वहां से शनिवार को ट्रेन वापस जींद आई है. रेलवे सूत्रों के अनुसार उद्घाटन से पहले ट्रायल के तौर पर ही हाइड्रोजन ट्रेन को जींद- सोनीपत ट्रैक पर संचालित किया जाएगा. पर्यावरण के अनुकूल यह ट्रेन डीजल इंजनों का विकल्प बनकर उभर सकती है और ग्रीन ट्रांसपोर्ट की दिशा में भारत के लिए एक बड़ा कदम मानी जा रही है.
हाइड्रोजन ट्रेन की खासियतें
- इलेक्ट्रिक की तुलना में 10 गुणा ज्यादा दूरी तय करेगी. 360 किलोग्राम हाइड्रोजन से 180 किलोमीटर का सफर तय करेगी.
- बिना आवाज के चलेगी, यात्री आरामदायक सफर कर सकेंगे.
- हाइड्रोजन ट्रेन के दोनों छोर पर पॉवर इंजन लगे हैं.
- यात्रियों को सफर के दौरान पंखे, लाइट और एसी की सुविधा मिलेगी.
- मेट्रो की तरह कोच के दोनों तरफ प्रवेश और निकासी के लिए 2- 2 दरवाजे लगे होंगे और हर कोच में डिसप्ले होगी, जिससे स्टेशन आने के बारे में सूचना प्रसारित होगी.
