जींद | संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत नरवाना के धमतान साहिब स्थित गुरु रविदास मंदिर में पावन कलश वितरण समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि जिस दौर में समाज में छुआछूत और जात- पात का प्रभाव था, उस समय गुरु रविदास जी ने मानवता, समानता, शिक्षा और भाईचारे का संदेश दिया.

उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं. उनकी वाणी समाज को यह संदेश देती है कि व्यक्ति की पहचान उसके जन्म या जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होती है.
मार्गदर्शक संत- महात्मा
मंत्री बेदी ने कहा कि साधु- संत और महात्मा किसी एक समाज तक सीमित नहीं होते हैं. गुरु रविदास जी ने समाज में समानता, सद्भाव और आपसी प्रेम की भावना को मजबूत करने का काम किया. उन्होंने गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा कर मानवता का संदेश दिया. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु रविदास जी की जन्मभूमि की पावन मिट्टी को घर- घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है.
इसी उद्देश्य से ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न स्थानों पर पावन कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास जी की अमर वाणी और उनके दूरदर्शी विचारों को जन- जन तक पहुंचाना है.
वितरित किए पावन कलश
समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने 30 श्रद्धालुओं को पावन कलश वितरित किए. कलश प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं ने गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और समाज में भाईचारा व सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में मार्केट कमेटी चेयरमैन अमित ढाकल, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र प्रजापति, सत्यवान शर्मा, भीम दनौदा, नरेश सैनी, सुरेश दनौदा, बलवान शाक्य, राजेंद्र मल्लू, पूर्व सरपंच जयपाल सहित गुरु रविदास सभा के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.