जींद | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने के अलावा प्रदेश के जिलों के बीच भी सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के लिए लंबी दूरी के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है.

उचाना- यमुनानगर बस सेवा का शेड्यूल
कैथल परिवहन डिपो द्वारा यमुनानगर के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों को बड़ी सौगात दी गई है. यह बस जींद जिले के उचाना बस स्टैंड से सुबह साढ़े 6 बजे रवाना होकर वाया किठाना, छातर, कैथल, ढांड, कुरुक्षेत्र, लाडवा और रादौर होते हुए 12 बजे के आसपास यमुनानगर पहुंचेगी. कैथल पहुंचने का समय सुबह साढ़े 8 बजे रहेगा. इसी तरह वापसी में यमुनानगर से दोपहर 12.40 बजे रवाना होकर शाम साढ़े 5 बजे कैथल पहुंचेगी.
कैथल डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि पहले प्रदेश के प्रमुख डिपो से ही लंबी दूरी की बसों का संचालन होता था लेकिन अब छोटे शहरों और कस्बों से भी लंबी दूरी के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
बार- बार बस बदलने का झंझट हुआ खत्म
उन्होंने बताया कि उचाना और आसपास के गांवों के लोगों को अब कैथल, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर जैसे शहरों के सफर पर जाने के लिए बस पकड़ने जींद बस स्टैंड नहीं जाना पड़ेगा. उन्हें अपने घर के नजदीक ही लंबी दूरी की यात्रा के लिए सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा. धर्मनगरी कुरुक्षेत्र जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इस बस सेवा का विशेष लाभ मिलेगा. कुरुक्षेत्र और यमुनानगर जाने के लिए उचाना क्षेत्र के लोगों को अब बीच रास्ते बार- बार बस बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सीधी बस सेवा की सुविधा मिलने से उनकी यात्रा आरामदायक हो जाएगी.