जींद | सर्द मौसम की शुरुआत ने पैसेंजर ट्रेन रेलयात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है. अभी तक ज्यादा धुंध और कोहरे का असर देखने को नहीं मिला है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने ट्रेनों को रद्द करने का सिलसिला शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में दिल्ली से वाया बहादुरगढ़ और रोहतक होते हुए जींद तक चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों को भी रद्द किया गया है.
रेलवे ने दिल्ली- जींद रूट की 2 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया है. ये ट्रेनें 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2026 तक रद्द रहेगी. अवध- आसाम एक्सप्रेस ट्रेन भी सप्ताह में एक दिन रद्द रहेगी. यात्रियों ने रेलवे के इस फैसले पर विरोध जताते हुए कहा है कि जब तक कोहरे का मौसम नहीं होता है, तब तक ट्रेनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी रहनी चाहिए.
रद्द ट्रेनों का शेड्यूल
ट्रेन नंबर 54031, दिल्ली- जींद पैसेंजर ट्रेन दिल्ली से सुबह 11.40 बजे रवाना होकर 12.46 बजे बहादुरगढ़, 1.44 बजे रोहतक और 02.50 बजे जींद पहुंचती है. इसी तरह ट्रेन नंबर 54034, जींद- दिल्ली पैसेंजर ट्रेन शाम 03.50 बजे जींद से रवाना होकर 04.56 बजे रोहतक, 05.54 बजे बहादुरगढ़ और शाम 7 बजे दिल्ली पहुंचेगी. इन दोनों ही ट्रेनों को 28 फरवरी तक रद्द किया गया है.
वहीं, ट्रेन नंबर 15909/10, अवध- आसाम एक्सप्रेस ट्रेन डिब्रुगढ़- लालगढ़ के बीच वाया दिल्ली, बहादुरगढ़ और रोहतक होकर चलती है. यह ट्रेन भी मार्च 2026 तक सप्ताह में एक दिन रद्द रहेगी.
रद्द ट्रेनों को वापस लेने की मांग
दैनिक यात्री समिति ने मांग की हैं कि ट्रेन नंबर 54424, हिसार- नई दिल्ली पैसेंजर ट्रेन में कम- से- कम 8 डिब्बों को और जोड़ा जाना चाहिए, ताकि सुबह के समय नौकरीपेशा लोगों सहित स्टूडेंट्स और अन्य कार्यों से दिल्ली जाने वाले लोगों का सफर आरामदायक हो सकें. अपील की गई है कि कोहरे के नाम पर रद्द की गई पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का फैसला वापस लिया जाए, ताकि सर्दी के मौसम में यात्रियों को परेशानी से बचाया जा सके.
