जींद | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी आज बांगर की धरती जींद के दौरे पर पहुंचे जहां उन्होंने उचाना में आयोजित धन्यवाद रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. अनाज मंडी में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. पूरा पंडाल भीड़ से खचाखच भरा नजर आया.
इस रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ स्टेज पर उचाना विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिड्ढा सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही. मुख्यमंत्री ने सभी नेताओं के साथ हाथ उठाकर भीड़ का अभिनंदन किया. मुख्यमंत्री ने रैली के दौरान उचाना विधानसभा क्षेत्र को 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की 5 परियोजनाओं का तोहफा दिया.
इन परियोजनाओं का उद्घाटन
- 22.31 करोड़ रुपए से सुदकैन डिस्ट्री का पुनर्वास होगा. इससे किसानों को सिंचाई में फायदा पहुंचेगा.
- 3.52 करोड़ रुपए की लागत से गांव डूमरखां कलां में मल्टी पर्पज हॉल का निर्माण किया जाएगा. इससे खिलाड़ियों को फायदा होगा.
- गांव सुदकैन कलां में 2.70 करोड़ रुपए से जलापूर्ति योजना का नवीनीकरण होगा. इससे गांव में पेयजलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी.
इन योजनाओं का शिलान्यास
- महाग्राम योजना में शामिल गांव नगूरां में 43.81 करोड़ रुपए से जलापूर्ति सुदृढ़ीकरण और नए वाटर वर्क्स का निर्माण.
- महाग्राम योजना में शामिल गांव छातर में 30.95 करोड़ रुपए की लागत से नई सीवरेज प्रणाली की आधारशिला रखी गई है.
आमजन को मिलेगा फायदा
रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने पर क्षेत्र में सिंचाई, पेयजलापूर्ति व्यवस्था, खेल सुविधाएं और स्वच्छता का स्तर बेहतर होगा, जिसका सीधा फायदा आम आदमी को मिलेगा. उन्होंने कहा कि आपने उचाना विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी को जीताकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में बहुत बड़ी भूमिका अदा की है. अब सरकार द्वारा उचाना विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी. आमजन की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा.
