हरियाणा रोडवेज ने अचानक से इस रूट पर बढ़ाया 172 रुपए किराया, बाढ़ के चलते रूट डायवर्ट

जींद | हरियाणा रोडवेज डिपो, जींद ने अचानक से एक रूट पर किराए में अच्छी- खासी बढ़ोतरी कर दी है. बता दें कि बिजनौर में बाढ़ के चलते जींद से हल्द्वानी जाने वाली बस को रूट डायवर्ट से संचालित किया जा रहा है, जिसके बाद किराया भी बढ़ा दिया गया है. यह बस अब वाया हरिद्वार होकर हल्द्वानी जा रही है, जिससे बस को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है.

Haryana Roadways

बाढ़ के चलते रूट डायवर्ट

जींद से वाया बिजनौर होकर हल्द्वानी जाते समय रोडवेज बस को 434 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी और किराया 594 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया था. अब बाढ़ के चलते वाया हरिद्वार होकर हल्द्वानी जाने में इस बस को 521 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है. इसीलिए रोडवेज विभाग ने अतिरिक्त दूरी तय करने के चलते किराए में बढ़ोतरी कर 766 रुपए कर दिया है. यानि टिकट में 172 रुपए की बढ़ोतरी हुई है.

जींद रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि किराए में बढ़ोतरी अस्थाई तौर पर की गई है. जैसे ही बिजनौर में हालात सामान्य होते हैं, हल्द्वानी जाने वाली रोडवेज बस को पुराने रूट से संचालित कर दिया जाएगा. दोबारा से बस अपने पुराने रूट से चलेगी तो किराया पहले वाला ही देना होगा.

बस का शेड्यूल

उत्तराखंड के हल्द्वानी के लिए इसी साल जनवरी महीने में सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखाई गई थी. यह बस सुबह 08.40 बजे जींद बस स्टैंड से रवाना होकर वाया बिजनौर होते हुए करीब 10 घंटे का सफर तय कर हल्द्वानी पहुंचती है. यह बस रात्रि ठहराव के बाद अगले दिन सुबह साढ़े 5 बजे वापस जींद के लिए रवाना होती है. बता दें कि हल्द्वानी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों के लिए प्रसिद्ध है और यहां बड़ी संख्या में देशभर से पर्यटक पहुंचते हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.