जींद | हरियाणा सरकार ने वित्त वर्ष 2026- 27 का वार्षिक बजट पेश कर दिया है. बतौर वित्त मंत्री मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 2 लाख 23 करोड़ रुपए से ज्यादा का बजट पेश किया है जो पिछले साल के बजट की तुलना में 10.28% ज्यादा है. इस बजट में हरियाणा की राजनीतिक राजधानी कहे जाने वाले जींद जिले पर सौगातों की बारिश की गई है. खाद्य पदार्थों की उत्तम गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जींद में एकीकृत खाद्य प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी.
खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा
अपने बजट भाषण में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गांव कलौदा में साढ़े 6 एकड़ जमीन पर स्टेडियम बनाने की घोषणा की है. इसमें एथलेटिक्स, वॉलीबाल और बास्केटबॉल जैसे खेलों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं, साथ ही मल्टीपरपज हॉल भी बनाया जाएगा जिसमें खिलाड़ी इनडोर गेम्स का अभ्यास कर सकेंगे. वहीं, प्रत्येक जिलास्तरीय स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाने की घोषणा की गई है और जींद के एकलव्य स्टेडियम में इसपर काम चल रहा है.
स्वास्थ्य सेवाएं होगी मजबूत
मुख्यमंत्री द्वारा नरवाना शहर में महिला थाना खोलने की घोषणा की गई है. गांव पिपलथा में वर्तमान में मौजूद हेल्थ सब- सेंटर को अपग्रेड कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा. इससे गर्भवती महिलाओं को डिलीवरी सहित कई अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा. आसपास के इलाकों के लोगों को छोटे- मोटे उपचार के लिए शहरों की भागदौड़ करने से छुटकारा मिलेगा.
प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए बजट में नरवाना में किडनी मरीजों के लिए डायलिसिस सेंटर खोलने की घोषणा की गई है. नरवाना के सिविल अस्पताल को 50 से 100 बेड का किया जाएगा. इससे जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा होगा. नरवाना को नए बस स्टैंड का तोहफा दिया गया है.
इन इलाकों में विकसित होंगे नए सेक्टर
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा सफीदों में नए सेक्टर विकसित करने का जिक्र बजट में किया गया है. जींद, उचाना व नरवाना में नए सेक्टर विकसित करने के लिए HSVP की ओर से ई- भूमि पोर्टल के माध्यम से किसानों से करीब 6933 एकड़ जमीन खरीदने की योजना बनाई गई है.
जींद शहर में जुलानी, अहिरका, अमरहेड़ी, जींद, पिंडारा, अशरफगढ़, गोबिंदपुरा, हैबतपुर और निर्जन गांवों की जमीन खरीद कर 18 नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे. इसी तरह उचाना में पालवां व उचाना कलां में जमीन अधिग्रहित करके 7 नए सेक्टर विकसित किए जाने की योजना है. नरवाना में नरवाना शहर, शहर के साथ लगते डूमरखां कलां व मोहल खेड़ा गांव में जमीन अधिग्रहित करके नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे.
