जींद | रेल यात्रियों के लिए उत्तर रेलवे ने बड़ी सुविधा का ऐलान किया है. दैनिक यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए लुधियाना जंक्शन- जाखल जंक्शन पैसेंजर ट्रेन का संचालन अब जींद जंक्शन तक किया जाएगा. गाड़ी संख्या 54053 अप और 54054 डाउन को जाखल से आगे बढ़ाकर जींद तक चलाने का फैसला लिया गया है. रेलवे की ओर से विस्तारित रूट के लिए नई समय-सारणी जारी कर दी गई है.
लुधियाना और जाखल के बीच ट्रेन के मौजूदा समय में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है. गाड़ी संख्या 54054 डाउन लुधियाना जंक्शन से शाम 6:30 बजे रवाना होगी और रात 9:40 बजे जाखल पहुंचेगी. 5 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन रात 9:45 बजे जींद के लिए रवाना होगी.
जींद से सुबह 3:40 बजे चलेगी ट्रेन
जाखल से आगे ट्रेन हिम्मतपुरा, टोहाना, कालवन, धमतान साहिब, धारोदी, नरवाना, घासो, उचाना, गांव बड़ौदा और बरसोला स्टेशन पर रुकेगी. इसके बाद ट्रेन रात 11:30 बजे जींद जंक्शन पहुंचेगी. वापसी सेवा के तहत गाड़ी संख्या 54053 अप जींद जंक्शन से सुबह 3:40 बजे रवाना होगी. ट्रेन बरसोला से 3:50 बजे, गांव बड़ौदा से 3:54 बजे, उचाना से 4:02 बजे और घासो से 4:08 बजे चलेगी.
यात्रियों का राहत
नरवाना 4:16 बजे, धारोदी 4:25 बजे, धमतान साहिब 4:34 बजे, कालवन 4:40 बजे, टोहाना 4:47 बजे और हिम्मतपुरा 4:55 बजे पहुंचेगी. जाखल से ट्रेन सुबह 5:20 बजे लुधियाना के लिए रवाना होगी. रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 54054 का जींद तक विस्तार 11 सितंबर से प्रभावी होगा, जबकि 54053 अप 12 सितंबर से जींद से लुधियाना के बीच विस्तारित रूट पर चलेगी. इससे आसपास के इलाकों से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी.
