जींद | हरियाणा का ह्रदय कहे जाने वाले जींद से अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर में गुरुद्वारा के पास गुल्ला जोहड़ी में तमाम आधुनिक सुविधाओं से लैस एक मल्टीपरपज बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा, जिसपर करीब 100 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी. इस बिल्डिंग में एक ही छत के नीचे कई प्रतिष्ठान खोलने का फैसला लिया गया है.

डिप्टी स्पीकर ने दी जानकारी
जींद विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक एवं विधानसभा में डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिढ्ढा ने रेस्ट हाउस में आयोजित मीटिंग में जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के तहत पालिका बाजार को भी स्मार्ट बाजार में विकसित किया जाएगा. इसपर करीब 2.37 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे.
इन सेक्टरों में बनेगी सड़कें
डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिढ्ढा ने बताया कि शहर के सेक्टर 7, 8 और 9 की जर्जर हालत में पहुंच चुकी सड़कों को 13 करोड़ रुपए से चकाचक किया जाएगा. इसके अलावा, गांव दालमवाला में स्मार्ट बस क्यू शेल्टर बनाया जाएगा. इन सभी योजनाओं का एस्टीमेट तैयार हो चुका है.
उन्होंने बताया कि मानसून सीजन खत्म होने पर जींद विधानसभा क्षेत्र की सभी सड़कों की मरम्मत की जाएगी. सभी सड़क मार्गों को गढ्ढों से मुक्ति दिलाई जाएगी और इस संबंध में अधिकारियों को आदेश जारी कर दिया गया है. शहर में सफीदों गेट से परशुराम चौक तक सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी.
यहां पर बनेगा हेल्थ सेंटर
डॉ. कृष्ण मिढ्ढा ने अपोलो रोड पर नगर परिषद की खाली पड़ी जमीन पर पार्क और हेल्थ सेंटर निर्माण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के आदेश दिए. बता दें कि डॉ कृष्ण मिढ्ढा जींद विधानसभा क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर रहे थे. समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अधूरे पड़े विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए ताकि लोगों को सुविधाओं का लाभ जल्दी मिल सके.