जींद | हरियाणा की राजनीति का केंद्र बिंदु बन चुकी उचाना विधानसभा सीट से बड़ी खबर सामने आई है. यहां मौजूदा बीजेपी विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने हल्के के गांव छातर और सुदकैन खुर्द में महा ग्राम योजना के तहत लगभग 67 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया.
छातर को जलघर और एसटीपी की सौगात
उचाना विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने बताया कि पूरे छातर गांव में सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी, जिससे गंदे पानी की निकासी एसटीपी में होगी. वहीं, पीने के पानी की समस्या को दूर करने के लिए लोधर रोड पर नहरी पानी पर आधारित जलघर का शिलान्यास किया गया है. इस प्रोजेक्ट पर 18.36 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी. उन्होंने बताया कि छातर गांव को सालों पुरानी गंदे पानी की निकासी की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए 30.95 करोड़ रुपए की लागत से एसटीपी का निर्माण कार्य शुरू किया गया है.
सिंचाई के लिए मिलेगा पानी
विधायक अत्री ने बताया कि सुदकैन खुर्द गांव में डिस्ट्रीब्यूटरी के नवनिर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है. बुर्जी नंबर 56 हजार से 1.18 लाख तक कंक्रीट से डिस्ट्रीब्यूटरी का पुनर्निर्माण कार्य किया गया है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से आखिरी टेल तक पानी पहुंचाया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि सुदकैन खुर्द डिस्ट्रीब्यूटरी के नवनिर्माण से उचाना विधानसभा क्षेत्र के गांव करसिंधु, पालवा, छातर, घोघड़ियां, कसून, कालता, रोज खेड़ा, अलीपुरा, बड़ौदा, सुदकैन खुर्द सहित कई अन्य गांवों की 25 हजार एकड़ जमीन को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा.
विधायक ने बताया कि सरकार 10 हजार से ज्यादा आबादी वाले गांवों को महाग्राम योजना के तहत विकसित करते हुए शहरों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है और इसी तर्ज पर छातर गांव में ये परियोजनाएं शुरू की गई है. उन्होंने कहा कि नए जलघर के निर्माण से सालों पुरानी पानी की किल्लत दूर होगी और एसटीपी के बनने से गंदे पानी की निकासी की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा.
