जींद | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. शहर में सफाई, सुंदरीकरण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है. प्रशासन और पुलिस की टीमें दिन- रात तैयारियों में जुटी हैं ताकि दौरे के दौरान किसी प्रकार की कमी न रहे. प्रधानमंत्री इसी दौरे के दौरान देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. सुरक्षा के मद्देनजर शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है.

यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष चेकिंग पोस्ट बनाए जा रहे हैं. मुख्य सड़कों पर बैरिकेडिंग की जा रही है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी भी बढ़ा दी गई है. गोहाना रोड पर वाहनों की आवाजाही सुगम रखने के लिए स्पीड ब्रेकर हटा दिए गए हैं.
ब्याह जैसी तैयारियां
गोहाना रोड पर पेड़ों की छंटाई का कार्य भी शुरू हो गया है. सफीदों रोड अंडरपास पर बने गड्ढों को मिट्टी से भरकर सड़क को समतल किया जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि सड़क को बेहतर बनाने और दौरे के दौरान किसी तरह की असुविधा से बचने के लिए यह कार्य कराया जा रहा है. नगर परिषद की टीमें लगातार सफाई अभियान चला रही हैं. शहर के प्रमुख चौराहों, सरकारी भवनों और स्वागत स्थलों की साफ- सफाई के साथ रंग- रोगन और रोशनी की व्यवस्था भी दुरुस्त की जा रही है.
हरियाणा में चलेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन
जींद-सोनीपत मार्ग पर चलेगी 10 कोच वाली यह ट्रेन
हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से बिजली करेगी उत्पन्न pic.twitter.com/XoBnThUr7U
— CMO Haryana (@cmohry) May 27, 2026
तैयारियों में सक्रिय
कूड़ा हटाने, गड्ढे भरने और दीवारों की पुताई का काम भी तेजी से चल रहा है. प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए स्वास्थ्य, बिजली, पानी और यातायात समेत सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता भी तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं. प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु और व्यवस्थित रहें.