अमित शाह के सामने पुलिस पासिंग आउट परेड का नेतृत्व, विधवा मां के संघर्ष तले जींद की निशु ने हासिल किया बड़ा मुकाम

पंचकूला | केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज हरियाणा के दौरे पर पहुंच रहे हैं, जहां वो पंचकूला में 5061 पुलिस जवानों की पासिंग आउट परेड समेत 4 कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे. खास बात यह है कि इन जवानों की परेड का नेतृत्व हांसी के मंजीत चहल और जींद की निशु करेगी. इन दोनों के बचपन के संघर्ष की कहानी बेहद चुनौतीपूर्ण रही है, लेकिन इन्होंने हर मुसीबत का डटकर सामना करते हुए आज इस मुकाम को हासिल कर दिखाया है.

Jind Nishu

निशु की विधवा मां ने की मजदूरी

पुलिस ट्रैनिंग सेंटर मधुबन में 39 सप्ताह की ट्रैनिंग के दौरान निशु 15 इंडोर- आउटडोर एक्टिविटी में ओवरऑल टॉपर बनी है, जिसके चलते उन्हें पासिंग आउट परेड में कमांडर बनाया गया है. निशु ने कहा कि यह मेरे लिए बड़ा भावुक पल होगा क्योंकि मां दर्शक दीर्घा में से मुझे देख रही होगी. मां ने हमें यहां तक पहुंचाने के लिए बहुत संघर्ष किया है इसलिए मैं नौकरी के दौरान पूरी ईमानदारी से काम करूंगी.

मां ने नहीं हारी हिम्मत

जींद जिले के गांव निडाना की रहने वाली निशु ने बताया कि 2018 में पिता की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था. ऐसा लगने लगा कि अब 5 बच्चों को मां कैसे पालन- पोषण करेगी, लेकिन मां ने सिलाई और दूसरे किसानों के खेतों में काम करके उनकी पढ़ाई जारी रखी. बीएससी नॉन मेडिकल और बीएड के बाद निशु ने सरकारी नौकरी की तैयारी की और वह हरियाणा पुलिस में बतौर सिपाही सिलेक्ट हो गई. निशु ने बताया कि मां के कड़े संघर्ष की बदौलत उनकी बड़ी बहन भी पब्लिक हेल्थ विभाग में क्लर्क की नौकरी पर हैं.

यह भी पढ़े -  SPO Panchkula Jobs: पंचकूला में निकली स्पेशल पुलिस ऑफिसर के पदों पर भर्ती, इंटरव्यू से होगा सिलेक्शन

किसान परिवार से मंजीत

हांसी जिले के गांव महजद निवासी मंजीत चहल ने भौंडसी ट्रैनिंग सेंटर में प्रशिक्षण के दौरान तीसरा स्थान हासिल किया है, जिसके चलते वह बतौर मुख्य परेड कमांडर पासिंग आउट परेड की अगुवाई करेंगे. साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले मंजीत की ज्यादातर पढ़ाई बुआ के पास भिवानी जिले में हुई है. मंजीत ने बताया कि नौकरी के दौरान अनुशासन और ईमानदारी में रहना ही उनका सबसे बड़ा लक्ष्य रहेगा. इस नौकरी के बाद भी उनकी यात्रा जारी रहेगी और वे अन्य सरकारी नौकरियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते रहेंगे.

पुलिस का 93वां बैच

हरियाणा पुलिस में इन जवानों की भर्ती साल 2024 में हुई थी जिनकी ट्रेनिंग 16 दिसंबर 2024 से पुलिस के मधुबन, सुनारियां और भौंडसी ट्रेनिंग सेंटर में हुई. ये हरियाणा पुलिस का 93वां भर्ती बैच होगा, जिसकी आज पासिंग आउट परेड है. इसमें 870 महिला पुलिसकर्मी और 4191 पुरुष पुलिसकर्मी शामिल रहेंगे. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज इस पासिंग आउट परेड का निरीक्षण करेंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.