कैथल | हरियाणा के कैथल जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर कार्यक्रम जारी हो गया है. चुनाव अधिकारी जय नारायण आत्रे की देखरेख में पूरी प्रक्रिया कराई जाएगी. उनके साथ एडवोकेट सुभाष चंद महला, गौरव जैन, विक्रम सिंह नैन और विकास चहल उप चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे. इस बार एसोसिएशन में वरिष्ठ उप प्रधान का नया पद बनाया गया है. वहीं उप प्रधान और सह सचिव के पद महिला वकीलों के लिए आरक्षित किए गए हैं.
चुनाव अधिकारी जय नारायण आत्रे ने बताया कि मतदान 11 सितंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा. उम्मीदवार 1 और 2 सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन पत्र जिला बार एसोसिएशन कैथल के अध्यक्ष कार्यालय में जमा होंगे.
11 सितंबर को मतदान
3 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी. इसके बाद उसी दिन दोपहर 12:30 बजे से शाम 4 बजे तक उम्मीदवार नामांकन वापस ले सकेंगे. मतदान के लिए दो बूथ बनाए गए हैं. बूथ नंबर- 1 लाइब्रेरी में होगा, जहां वोट नंबर 1 से 722 तक के मतदाता वोट डालेंगे. बूथ नंबर- 2 इंटरटेनमेंट रूम में बनाया गया है, जहां वोट नंबर 723 से 1530 तक के मतदाता मतदान करेंगे.
प्रेक्टिस की शर्त
प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार के पास 10 साल की नियमित प्रेक्टिस होना जरूरी है. वरिष्ठ उप प्रधान के लिए 7 साल, उप प्रधान और सचिव पद के लिए 5 साल, जबकि सह सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए 3 साल की प्रेक्टिस अनिवार्य रखी गई है. सिक्योरिटी राशि भी पद के अनुसार तय की गई है. प्रधान पद के लिए 41 हजार रुपए, वरिष्ठ उप प्रधान के लिए 25 हजार, उप प्रधान और सचिव के लिए 21 हजार, जबकि सह सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए 11 हजार रुपए जमा कराने होंगे.
1490 वकील डालेंगे वोट
इस बार कुल 1530 वकीलों की मतदाता सूची तैयार की गई थी. इनमें से 40 वकील वोट डालने के लिए अयोग्य पाए गए हैं. इनमें बीसीई एग्जाम पास नहीं करने वाले, दो जगह वोट रखने वाले, वार्षिक शुल्क जमा नहीं कराने वाले और अन्य कारणों से अयोग्य वकील शामिल हैं. इस तरह करीब 1490 वकील मतदान कर सकेंगे.
