80 साल के हरियाणवी बुजुर्ग ने ऑस्ट्रेलिया में 18 हजार फीट से लगाई छलांग, हवा में लहराया तिरंगा

कैथल | हरियाणा के कैथल जिले के बात्ता गांव के 80 वर्षीय चूहड़ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया में 18 हजार फीट की ऊंचाई से स्काई डाइविंग कर अनोखा रिकॉर्ड बनाया है. उम्र के इस पड़ाव पर उनके साहस ने हर किसी को हैरान कर दिया. डाइविंग के दौरान उनका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पूरे आत्मविश्वास के साथ कहते नजर आते हैं, “हम हरियाणवी हैं, किसी से नहीं डरते. डर होता तो विदेश नहीं आते.” खास बात यह रही कि उन्होंने स्काई डाइविंग भी अपने पारंपरिक सफेद कुर्ते में की. उनके साथ मौजूद ट्रेनर लगातार उनका हौसला बढ़ाता रहा.

Chuhar Singh Kaithal

चूहड़ सिंह अपने पोते अंकित के साथ दो महीने के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं. अंकित सोशल मीडिया पर हरियाणवी लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़े वीडियो बनाते हैं. दोनों 1 जून को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे और वहां अलग- अलग जगहों की सैर कर रहे हैं. इसी दौरान चूहड़ सिंह ने स्काई डाइविंग देखी और खुद भी इसे करने की इच्छा जताई.

कैथल के चूहड़ सिंह का कमाल

यह पहला मौका नहीं था जब उन्होंने इतनी बड़ी चुनौती स्वीकार की हो. इससे पहले वह पंजाब के पटियाला एयरफील्ड में 15 हजार फीट की ऊंचाई से भी स्काई डाइविंग कर चुके हैं. पहले अनुभव से आत्मविश्वास मिलने के बाद इस बार उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 18 हजार फीट से ट्रेनर के साथ छलांग लगाई. अंकित के मुताबिक, एयरक्राफ्ट से छलांग लगाने के बाद चूहड़ सिंह करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से नीचे आए. लगभग 60 सेकेंड तक वे हवा में रहे और इस दौरान बिल्कुल शांत और आत्मविश्वास से भरे नजर आए.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Ankit Big Mouth (@ankitranabigmouth)

हवा में लहराया तिरंगा

उन्होंने स्काई डाइविंग के दौरान सेल्फी स्टिक से कई तस्वीरें और वीडियो भी रिकॉर्ड किए. सबसे खास पल तब आया, जब उन्होंने आसमान में तिरंगा भी लहराया. चूहड़ सिंह ने बताया कि शुरुआत में उन्हें थोड़ी घबराहट जरूर हुई थी लेकिन पटियाला में की गई पहली स्काई डाइविंग का अनुभव याद आते ही उनका डर खत्म हो गया. उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआत में आयोजकों ने तिरंगा साथ ले जाने की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन अनुरोध करने पर ट्रेनर तैयार हो गया. इसके बाद, उन्होंने हवा में तिरंगा लहराकर अपने देश के प्रति सम्मान भी जताया.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.