नौकरी बहाली की मन्नत लेकर हरिद्वार से पैदल निकला कैथल का पूर्व हेड कॉन्स्टेबल, कांवड़ पर लगाई अपनी तस्वीर

कैथल | हरियाणा पुलिस से बर्खास्त कैथल के पूर्व हेड कॉन्स्टेबल सुनील संधू नौकरी बहाली की उम्मीद लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले हैं. उनका कहना है कि नीचे वालों ने उनकी बात नहीं सुनी, अब ऊपर वाले से न्याय की उम्मीद है. सुनील के साथ गांव के ही 4- 5 युवक भी कांवड़ यात्रा में शामिल हैं. सुनील कैथल से इसुजु गाड़ी में पौधे लेकर 3 अगस्त को हरिद्वार पहुंचे थे.

Sunil Sandhu Kaithal Kanwar

वहां गंगाजल भरने के बाद वह खुद पैदल कैथल के लिए रवाना हो गए जबकि उनके साथी युवक गाड़ी चला रहे हैं. सुनील रास्ते में जगह मिलने पर पौधे भी लगा रहे हैं. उनका कहना है कि यात्रा के दौरान सड़क किनारे जहां भी उचित जगह दिखाई देती है, वहां एक पौधा लगा देते हैं.

120 KM का सफर पूरा

शनिवार रात यमुनानगर पहुंचने पर सुनील ने बताया कि अब तक करीब 120 किलोमीटर की यात्रा पूरी हो चुकी है. आगे भी लगभग इतना ही सफर बाकी है. वह कांवड़ के साथ तिरंगे भी लेकर चल रहे हैं. इस दौरान कुछ अन्य कांवड़िए भी उनकी कांवड़ यात्रा से जुड़ गए हैं. कई कांवड़ियों ने अपनी कांवड़ पर सुनील की फोटो लगा रखी है. दरअसल, सुनील संधू को फरवरी में पुलिस की छवि खराब करने के आरोप में तत्कालीन एसपी उपासना सिंह ने बर्खास्त कर दिया था. सुनील ने एक DSP पर धमकाने का आरोप लगाया था. इसके बाद, इस मामले से जुड़ी एक पोस्ट सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई थी.

भोलेनाथ से उम्मीद

सुनील का कहना है कि नौकरी जाने के बाद उन्होंने अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी. उन्होंने कहा कि कई महीने से ड्यूटी पर नहीं गए हैं. अब वह भगवान भोलेनाथ से न्याय और नौकरी बहाली की उम्मीद लेकर कांवड़ ला रहे हैं. उन्हें भरोसा है कि भगवान उनकी बात जरूर सुनेंगे. सुनील ने बताया कि हरिद्वार में उन्हें कई ऐसे कांवड़िए भी मिले, जिन्होंने अपनी कांवड़ पर उनकी तस्वीर लगा रखी थी. कुछ युवाओं ने गंगाजल में उनकी फोटो लेकर स्नान भी किया.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.