भोलेनाथ की नगरी हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी, हरियाणा में फोरलेन बनेगी यह सड़क

कैथल | हरियाणा में सड़क नेटवर्क के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. शहरों की सड़कों की भीड़- भाड़ से निजात दिलाने के लिए नए हाइवे और एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब कैथल से यमुनानगर जाने वाली प्रमुख सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर इसे फोरलेन किया जाएगा. बतौर वित्त मंत्री मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बजट में इसकी घोषणा की है.

Four Lane Highway

हरियाणा को फोरलेन सड़क का तोहफा

कैथल से वाया कुरुक्षेत्र होकर यमुनानगर जाने वाली प्रमुख सड़क को अब फोरलेन बनाया जाएगा. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर कैथल, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर के बीच आवागमन और आसान हो जाएगा. इस सड़क मार्ग के संकरा होने से वर्तमान में यहां काफी ट्रैफिक दबाव रहता है और अक्सर सड़क दुघर्टना के मामले सामने आते हैं. अब फोरलेन निर्माण से ट्रैफिक दबाव कम होगा और यात्रा के समय में भी कमी आएगी.

कैथल- यमुनानगर फोरलेन हाईवे परियोजना के तहत MDR- 119 को कैथल से ढांड होते हुए कुरुक्षेत्र तक चौड़ा किया जाएगा. स्टेट हाईवे नंबर 6 को कुरुक्षेत्र से लाडवा, रादौर होते हुए यमुनानगर तक फोरलेन में विकसित किया जाएगा. यह मार्ग आगे चलकर NH- 152D, NH- 44 और अंबाला- शामली एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत होगी.

इस सड़क मार्ग के फोरलेन के रूप में विकसित होने से परिवहन और लॉजिस्टिक से जुड़े कारोबार को नई रफ्तार मिलेगी. छोटे व्यापारियों, किसानों और औद्योगिक इकाइयों के लिए अपनी फसल और उत्पाद तेजी से बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी. साथ ही क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे.

भोले की नगरी की डगर होगी आसान

कैथल से यमुनानगर तक सड़क मार्ग के फोरलेन बनने से UP और उत्तराखंड तक सफर करना सुरक्षित व आरामदायक हो जाएगा. वहीं, भोले की नगरी हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका फायदा मिलेगा. प्रदेश के बहुत से जिलों से हरिद्वार जाने के लिए इस सड़क मार्ग का इस्तेमाल किया जाता है. कैथल के साथ लगते पंजाब के कई इलाकों के लोगों को भी उत्तर प्रदेश जाने के लिए इससे लाभ पहुंचेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.