कैथल | स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में 15 अगस्त को ‘देश के रक्षकों को सलाम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों के तहत होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों, बलिदानियों के परिवारों, पूर्व सैनिकों और वर्तमान में देश की सेवा कर रहे सैनिकों के योगदान और त्याग से परिचित करवाना है. जिले के करीब 576 सरकारी स्कूलों में कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद राणा ने बताया कि जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में 15 अगस्त को संबंधित गांव, शहर या वार्ड में रहने वाले सबसे अधिक उम्र के भूतपूर्व सैनिक को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा.

पूर्व सैनिक किसी भी पद से सेवानिवृत्त हुआ हो, उसे सम्मान दिया जाएगा. इसी वरिष्ठ पूर्व सैनिक से विद्यालय में ध्वजारोहण करवाया जाएगा. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालयों के प्राचार्यों और स्कूल मुखियाओं को आवश्यक दिशा- निर्देश जारी किए गए हैं.
तैयार करेंगी रूपरेखा
स्कूल प्रबंधन समितियां (एसएमसी) शिक्षकों के साथ मिलकर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करेंगी. कार्यक्रम के तहत गांव, शहर या वार्ड में रहने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, भूतपूर्व सैनिकों, बलिदानियों के परिवारों और वर्तमान में कार्यरत सैनिकों को विद्यालय में बुलाया जाएगा. ‘देश के रक्षकों को सलाम’ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थी शिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न गतिविधियों और प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के रक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करेंगे.
पत्र लेखन प्रतियोगिता
कार्यक्रम के तहत जिले के सभी राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए पत्र लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी. विद्यार्थी देश के रक्षकों और उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए पत्र लिखेंगे. 15 अगस्त को होने वाले मुख्य कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों, सैनिकों और बलिदानियों के परिवारों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मान और श्रद्धांजलि दी जाएगी.