कैथल | हरियाणा के कैथल के गुहला- चीका में डेयरी संचालकों और पशुपालकों ने दूध और घी के दाम बढ़ाने का फैसला किया है. किसान भवन सर छोटूराम जनकल्याण ट्रस्ट में हुई बैठक में सर्वसम्मति से नए रेट तय किए गए. निर्णय के मुताबिक 1 अक्टूबर से भैंस का दूध 100 रुपए और गाय का दूध 80 रुपए प्रति लीटर मिलेगा. बैठक में घी के दाम भी निर्धारित किए गए हैं. भैंस का घी 1,500 रुपए और गाय का घी 2,200 रुपए प्रति किलो बेचने पर सहमति बनी. दूध या घी में मिलावट करके बेचने वालों पर 5,100 रुपए जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया.
बैठक की अध्यक्षता चौधरी महासिंह डेयरी के संचालक हरवंस सीड़ा ने की. इस दौरान डेयरी कारोबार से जुड़ी बढ़ती लागत और महंगाई पर चर्चा हुई. पशुपालकों का कहना है कि पशुओं के चारे से लेकर अन्य जरूरी सामान के दाम लगातार बढ़ रहे हैं.
इसलिए बढ़ा दाम
हरवंस सीड़ा ने बताया कि भैंसों को खिलाई जाने वाली खल का कट्टा पहले करीब 1,800 रुपए में मिलता था, लेकिन अब इसकी कीमत करीब 3,000 रुपए पहुंच गई है. सरसों के तेल और पशु आहार के अन्य सामान के दाम बढ़ने से डेयरी संचालकों का खर्च भी बढ़ गया है. इसी को देखते हुए दूध और घी के रेट में बदलाव किया गया है. दूध और घी के रेट बढ़ाने की मुहिम केवल कैथल तक सीमित नहीं है. हिसार के राजथल गांव में भैंस का दूध 100 रुपए और गाय का 80 रुपए प्रति लीटर करने का फैसला हुआ है. जींद के जुलाना, सिरसा खेड़ी और करसोला सहित कई जगहों पर भी यही रेट तय किए गए हैं.
ये लोग रहे मौजूद
कुरुक्षेत्र के बरना गांव में पशुपालकों ने बैठक कर रेट बढ़ाने का निर्णय लिया. कैथल के पाई गांव में भी दूध और घी के दाम बढ़ाए जा चुके हैं. वहीं नारनौल के कादीपुर गांव में भैंस का दूध 80 रुपए और गाय का दूध 60 रुपए प्रति लीटर तय किया गया है. बैठक में रतिराम सीड़ा, बलकार बल्लू, देवी दयाल, अमर सिंह, हरभजन सिंह, स्वर्ण सिंह, बिक्रम सिंह और बलकार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
