37 साल बाद कृषि वैज्ञानिकों ने रचा इतिहास, विकसित की छिलका रहित जौ की नई किस्म; औषधीय गुणों की भरमार

करनाल | भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान करनाल के कृषि वैज्ञानिकों ने एक नया इतिहास रच दिया है. यहां के वैज्ञानिकों ने रिसर्च का एक नया अध्याय लिखते हुए 37 साल के लंबे इंतजार के बाद छिलका रहित जौ की नई किस्म विकसित की हैं. यह नई किस्म स्वादिष्ट चपाती, पूड़ी और दलिया बनाने के लिए उपयुक्त होने के साथ- साथ स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी बताई गई है.

Barley Jau

बेहद लाभकारी होगी नई किस्म

जौ की इस नई किस्म DWRB- 223 में ऐसे पोषक तत्व मौजूद हैं, जो मधुमेह, बढ़े कोलेस्ट्रॉल, हृदय और लीवर रोगों में बेहद लाभकारी साबित होंगे. बीटा- ग्लूकॉन की उच्च मात्रा आंतों के स्वास्थ्य, न्यूरो प्रोटेक्शन और गुर्दे में पथरी बनने की संभावना को कम करने में मददगार साबित होगी. वैज्ञानिकों का कहना है कि यह नई किस्म न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी साबित होगी, बल्कि किसानों के लिए भी मुनाफे का सौदा साबित होगी. बता दें कि देश में साल 1989 में छिलका रहित जौ की नई किस्म आई थी और अब 37 साल बाद कृषि वैज्ञानिकों ने उम्मीद की एक नई किरण जगाई है.

संस्थान के निदेशक डॉ. रतन तिवारी ने बताया कि जौ में मौजूद बीटा- ग्लूकॉन आंतों के घाव भरने में सहायक होता है और यह मधुमेह, कोलेस्ट्रॉल, लीवर व दिमागी रोगों को नियंत्रित करता है. यह न्यूरो- प्रोटेक्टर और लिवर- सेवर के रूप में कार्य करता है तथा किडनी स्टोन की संभावना को घटाता है.

खेती- बाजार दोनों में फायदेमंद

संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ अनिल कुमार ने बताया कि इस नई किस्म में बीटा- ग्लूकॉन की मात्रा 6- 8% और प्रोटीन 12% से ज्यादा पाया गया है. इसमें ग्लूटन गेहूं से लगभग आधा है, जिससे यह ग्लूटन-संवेदनशील लोगों के लिए भी बेहतर विकल्प बन जाता है. इस जौं की किस्म में आयरन 44 PPM और जिंक 48 PPM है, जो अब तक रिलीज सभी गेहूं और जौं किस्मों में सबसे ज्यादा है.

उन्होंने बताया कि इस किस्म की खेती हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी यूपी और राजस्थान के लिए अनुमोदित की गई है. अच्छी पैदावार, मार्केट में उंचा भाव और स्वास्थ्य के प्रति अति लाभदायक होने के चलते इसे किसानों के लिए फायदे वाली फसल माना जा रहा है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.