हरियाणा में कृषि वैज्ञानिकों ने तैयार किया गन्ने के रस का पाउडर, अब हर मौसम में पी सकेंगे जूस

करनाल | गन्ने का जूस पीने के शौकीन लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. अब हर मौसम में आप इसका स्वाद चख सकेंगे. इसके लिए हरियाणा में गन्ना प्रजनन संस्थान के वैज्ञानिकों ने गन्ने के रस का पाउडर तैयार किया है. यह पाउडर पैकेट बंद होगा और इसकी वैधता निर्माण अवधि से 6 महीने तक रहेगी.

Sugarcane Juice Ganne Ka Ras

किसी भी समय तैयार किया जा सकेगा गन्ने का जूस

गन्ना प्रजनन संस्थान के करनाल स्थित क्षेत्रीय केंद्र के अध्यक्ष डॉ. एमएल छाबड़ा ने बताया कि पाउडर के जो पैकेट तैयार किए गए हैं, उसे 200 ML पानी में मिलाकर किसी भी समय गन्ने का ताजा रस तैयार किया जा सकता है. खास बात यह कि यह रस पाउडर प्राकृतिक ही नहीं, बल्कि लेमन फ्लेवर में भी उपलब्ध रहेगा. उन्होंने बताया कि वैज्ञानिकों की टीम लंबे समय से इसपर काम कर रही थी और इसकी पर्याप्त टेस्टिंग भी कर ली गई है.

वैज्ञानिकों ने दावा करते हुए कहा कि गन्ने का यह रस पाउडर पोषक तत्वों से परिपूर्ण रहेगा और जल्द ही बाजार में उपलब्ध होगा. डॉ छाबड़ा ने बताया कि फिलहाल ये पैकेट ऑनलाइन शॉपिंग वाली वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा. लेकिन संस्थान ने इस तकनीक का एक निजी कंपनी के साथ हस्तांतरण करार किया है. उन्होंने बताया कि गन्ने के रस का पाउडर बनाने से किसानों को भी बड़ा फायदा पहुंचेगा. इससे गन्ने की खपत और भाव दोनों में बढ़ोतरी दर्ज होगी.

गन्ने के रस के फायदे

गन्ना प्रजनन संस्थान की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पूजा ने बताया कि गन्ने का रस एंटी ऑक्सीडेंट है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक होता है. गन्ने का जूस पीने से शरीर में तुरंत उर्जा का संचार होता है. यह पीलिया और लिवर संबंधित रोगों में रामबाण का काम करता है. पाचन तंत्र और गुर्दों को स्वस्थ रखने में गन्ने का रस बेहद लाभकारी है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.