करनाल | वित्त वर्ष 2026- 27 के बजट में हरियाणा के करनाल जिले को एक बड़ी सौगात मिली है. यहां घरौंडा क्षेत्र में पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा. करनाल के गांव हसनपुर के पास करीब 100 एकड़ जमीन पर डियर पार्क विकसित किया जाएगा. इस परियोजना पर लगभग 85 करोड़ रूपए की लागत आएगी जबकि राज्य बजट में शुरुआती तौर पर 50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है.
एक नया आकर्षण का केंद्र
विधानसभा क्षेत्र के विधायक और विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने बताया कि डियर पार्क बनने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. लोगों को घूमने- फिरने के लिए एक नया आकर्षण केंद्र मिलेगा. उन्होंने कहा है कि यह परियोजना केवल सुंदरता बढ़ाने के लिए नही, बल्कि क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगी. पार्क के पूरी तरह बनने के बाद यहां परिवार और बच्चों के साथ लोग प्रकृति के बीच समय बिता सकेंगे.
क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति
उन्होंने कहा कि इस पार्क के निर्माण से क्षेत्र के विकास की नई गति मिलेगी और बाहर से आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी. यहां हरियाली, प्राकृतिक झील, बैठने का स्थान, बच्चों के लिए पार्क और घूमने के रास्ते तैयार किए जाएंगे जो इस प्रोजेक्ट को चार चांद लगा देंगे.
विधायक ने बताया कि घरौंडा क्षेत्र में कई अन्य विकास परियोजनाएं भी प्रस्तावित है. इनमें HSVP का नया सेक्टर विकसित करना, दिल्ली- करनाल रैपिड रेल कनेक्टिविटी और अन्य आधुनिक सुविधाओं को शामिल किया गया है. इससे आने वाले समय में घरौंडा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी.
