करनाल | हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में करनाल जिले के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां सेक्टर- 32 में 13 एकड़ जमीन पर जिला सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा. इसका काम पूरा होने पर मौजूदा सिविल अस्पताल को इसमें स्थानांतरित कर दिया जाएगा. हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में करनाल से बीजेपी विधायक जगमोहन आनंद द्वारा मुद्दा उठाए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने यह जानकारी दी.
नई बिल्डिंग में होगा शिफ्ट
करनाल में मौजूदा जिला नागरिक अस्पताल की बात करें तो यह मेडिकल कॉलेज की जमीन पर बनी बिल्डिंग में चल रहा है. विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि इस अस्पताल को सेक्टर- 32 में शिफ्ट किए जाने पर शहर के लोगों की सुविधा में इजाफा होगा. उन्हें रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा.
उनकी इस मांग पर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि इसके लिए प्रकिया जारी है. स्वास्थ्य विभाग को मिली जमीन के ऊपर से हाईटेंशन तारों के गुजरने के चलते जमीन में कुछ बदलाव किया जा रहा है. जल्द ही इस प्रकिया को पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद यहां सिविल अस्पताल को स्थानांतरित कर दिया जाएगा.
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
आरती राव ने बताया कि सेक्टर- 32 में जिला नागरिक अस्पताल को शिफ्ट करने के लिए नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए HSVP की ओर से स्वास्थ्य विभाग को 13 एकड़ जमीन ट्रांसफर की गई है. स्वास्थ्य विभाग इसके बदले में HSVP को 85 करोड़ रुपए देगा. वर्तमान में मौजूदा सिविल अस्पताल का भवन जर्जर हालत में पहुंच चुका है. वहीं, जगह के अभाव में मरीजों को अनेकों स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही है. ऐसे में सेक्टर- 32 में नई बिल्डिंग बनने के बाद मरीजों को हर प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है.
