करनाल | हरियाणा के करनाल जिले के दिव्यांश कौशिक का नासा के प्रतिष्ठित यूनाइटेड स्पेस स्कूल में चयन हुआ है. इस उपलब्धि के माध्यम से उन्होंने देश का गौरव बढ़ाया है. वह इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. हर साल अमेरिका के फाउंडेशन फॉर इंटरनेशनल स्पेस एजुकेशन द्वारा प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं. इनमें चयनित छात्रों को नासा के वैज्ञानिकों, अंतरिक्ष यात्रियों और इंजीनियरों के मार्गदर्शन में अंतरिक्ष मिशन की रूपरेखा तैयार करने का मौका मिलता है.
मंगल मिशन की रूपरेखा होगी तैयार
इस वर्ष कार्यक्रम में 25 देशों के 44 विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है. ये सभी छात्र मिलकर मंगल ग्रह पर मानव मिशन की योजना तैयार करेंगे. भारत से हजारों छात्रों ने आवेदन किया था, लेकिन केवल 2 ही छात्रों का चयन हुआ. इनमें एक नाम दिव्यांश कौशिक का भी है. उनकी इस सफलता पर करनाल के स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें करनाल की मेयर रेनू बाला गुप्ता भी उपस्थित रहीं.
दिव्यांश का सपना
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को अपना आदर्श मानने वाले दिव्यांश का सपना एयरोनॉटिकल इंजीनियर बनना है. उन्होंने कहा कि नासा के इस कार्यक्रम को लेकर वह बेहद उत्साहित हैं. वहीं, दिव्यांश की मां अंजू ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनका बेटा अमेरिका जाकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा और देश का नाम रोशन करेगा. इस अवसर पर मेयर रेनू बाला गुप्ता ने दिव्यांश को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
