करनाल | केंद्रीय उर्जा एवं शहरी नियोजन मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर आज करनाल दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत जिले के लोगों को 59 करोड़ रुपए की 3 बड़ी परियोजनाओं का तोहफा दिया. इसमें सेक्टर- 32 में बनाए गए इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर- 9 में क्रिकेट ग्राउंड और शक्ति कालोनी में बनाए गए महिला आश्रम का उद्घाटन शामिल है.
इंटरनेशनल लेवल का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सेक्टर- 32 में इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया. 2 एकड़ में फैले इस कॉम्प्लेक्स को तैयार करने पर 44 करोड़ की लागत राशि खर्च हुई है. इस परिसर में इंटरनेशनल मानकों के अनुसार, 50 मीटर लंबा और 25 मीटर चौड़ाई वाला एक ओलम्पिक स्तर का स्विमिंग पूल बनाया गया है. इस पूल में 10 लेन की व्यवस्था, हीटिंग, फिल्टेरशन और लाइटिंग जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. इसके साथ ही, 25×21 मीटर का वार्मअप पूल भी बनाया गया है. करनाल और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों के लिए यह बहुत बड़ी सौगात होगी.
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मिलेगी ये सुविधाएं
इस इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों को 5 कोर्ट वाला बैडमिंटन हॉल, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग- अलग शॉवर रूम, लॉकर रूम और गर्म पानी की सुविधा मिलेगी. बच्चों के लिए विशेष रूप से जिम बनाया गया है. योगा और मेडिटेशन के लिए 12×11 मीटर का हॉल और क्रॉस फिट के लिए अलग से व्यायामशाला बनाई गई है. इसके अलावा, 3 बड़े जिम हॉल और पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है.
क्रिकेट ग्राउंड का तोहफा
केंद्रीय उर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सेक्टर-9 में क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन किया. इस पर 1.75 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च हुई है. इस ग्राउंड में क्रिकेट पिच के साथ महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग- अलग रेस्ट रूम, वॉशरूम, बाउंड्री वॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है.
महिला आश्रम की सौगात
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शक्ति कालोनी में नवनिर्मित महिला आश्रम की बिल्डिंग का उद्घाटन किया. 5 मंजिला इस आश्रम में 2 BHK के 22 फ्लैट और 1 BHK के 66 फ्लैट तैयार किए गए हैं. हर फ्लैट में अटैच बाथरूम और किचन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है. उन्होंने कहा कि वृद्ध महिलाओं को आज निश्चित तौर पर बहुत बड़ी सौगात दी गई है.
