करनाल | गूगल बॉय के नाम से मशहूर हरियाणा के करनाल के रहने वाले कौटिल्य पंडित एक बार फिर सुर्खियों में आ चुके हैं. एक समय ऐसा था जब महज 5 साल की उम्र में उन्होंने देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी प्रतिभा के चर्चे करवा दिए थे. इस छोटी सी उम्र में जहां बच्चे पहाड़े आदि सीखने में लगे रहते हैं, उस छोटी सी उम्र में कौटिल्य ने दुनिया भर के देशों की कैपिटल, करेंसी, जनसंख्या और भौगोलिक डिटेल्स को समझ लिया था.
KBC से मिली पहचान
इसी उम्र में अमिताभ बच्चन के मशहूर शो कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट पर बैठकर वह रातों- रात मशहूर भी हो गए थे, लेकिन अब 17 साल की उम्र में कौटिल्य फिर चर्चा में बने हुए हैं. दरअसल, इंग्लैंड की मशहूर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से अब वह मास्टर ऑफ फिजिक्स की पढ़ाई करेंगे. यहां वह ब्रह्मांड विज्ञान, प्लाजमा फिजिक्स, डार्क मैटर, पार्टिकल थ्योरी और AI फॉर ह्यूमैनिटी में रिसर्च करेंगे. अगस्त के महीने में ऑक्सफोर्ड के बॉलियोल कॉलेज की तरफ से उन्हें ऑफर दिया गया है. इसके अलावा, उन्हें 25 लाख रुपये की स्कॉलरशिप भी दी गई है.
बचपन से रहे प्रतिभावान
कौटिल्य ने जीडी गोयंका स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास की है. बचपन से ही वह काफी प्रतिभावान रहे हैं. एक बार जब स्कूल टीचर ने उन्हें क्लास में एटलस दी, तो उसे कुछ ही देर में कौटिल्य ने याद कर लिया. तब से दादा ने कौटिल्य में छुपी प्रतिभा को पहचान लिया. कौटिल्य भी अपने दादा को अपने सच्चे दोस्त और गुरु का दर्जा देते हैं.
असाधारण रहा आईक्यू
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के मनोविज्ञान विशेषज्ञों ने कौटिल्य पंडित का आईक्यू लेवल 130 से 150 की रेंज में पाया है, जिसे असाधारण माना जाता है. कौटिल्य जब आठवीं के छात्र थे तब उन्होंने कोविड के दिनों में 9वीं और 11वीं के बच्चों को 2 महीने में ही फिजिक्स और केमिस्ट्री का पूरा सिलेबस करवा दिया.
