हरियाणा के छोरे ने पंजाब की धरती पर कराई बल्ले- बल्ले, ईनाम में जीता फोर्ड ट्रैक्टर

करनाल | पंजाब के खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक गौरवमई खबर सामने आई है. यहां गांव जैतवाल में 20- 22 फरवरी तक आयोजित हुई राष्ट्रीय स्तर की ओपन वालीबाल स्पर्धा में हरियाणा के लाल अनिकेत ने ईनाम में फोर्ड ट्रैक्टर जीता है. उन्होंने सबसे ज्यादा 39 प्वाइंट्स हासिल करते हुए प्रतियोगिता का बेस्ट खिलाड़ी का खिताब अपने नाम किया.

Tractor

करनाल जिले के गांव संडीर का रहने वाला अनिकेत पिछले सात सालों से पूंडरी स्थित इंडोर खेल स्टेडियम में कोच कर्मवीर सिंह की देखरेख में वॉलीबाल खेल का प्रशिक्षण हासिल कर रहा है. कोच कर्मवीर सिंह ने बताया कि अनिकेत इससे पहले भी स्टेट और नेशनल स्तर की प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुका है.

अपने बेहतरीन खेल से जीते बड़े ईनाम

कोच कर्मवीर सिंह ने बताया कि अनिकेत ने साल 2023 व 24 में लगातार दो साल ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी स्पर्धा में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. इसके अलावा साल 2025 में हुए खेल महाकुंभ में सिल्वर मेडल, साल 2025 में सोनीपत में हुई सीनियर स्टेट वालीबाल स्पर्धा में कांस्य पदक और जनवरी 2026 में अंबाला में हुई सीनियर स्टेट वॉलीबॉल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता है.

यह भी पढ़े -  करनाल में ADA परीक्षा को लेकर सख्ती, केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू

कड़ी मेहनत रहेगी जारी

वॉलीबाल प्रतियोगिताओं में अनिकेत कई बड़े ईनाम जीतकर अपनी विशेष पहचान बना चुका है. दो साल पहले पंजाब में हुए वॉलीबाल खेलों में उसने कार जीती थी. एक साल पहले भी पंजाब में ही बेस्ट खिलाड़ी चुना गया था और ईनाम में मोटरसाइकिल जीती थी. फोर्ड ट्रैक्टर जीतने पर खुशी जाहिर करते हुए अनिकेत ने कहा कि वो निरंतर अपने अच्छे प्रदर्शन से हरियाणा और हिंदुस्तान का नाम रोशन करते रहेंगे और इसके लिए पहले से भी ज्यादा मेहनत करनी होगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.