करनाल | शनिवार को केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा भारत के शहरी क्षेत्रों की स्वच्छता रैंकिंग रिपोर्ट स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 जारी की गई. इस रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के करनाल नगर निगम को देश के सबसे साफ शहरों की सूची में शामिल किया गया है. इस उपलब्धि के लिए करनाल को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.
यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा 17 जुलाई को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में प्रदान किया जाएगा. करनाल यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पाने वाला हरियाणा का पहला शहर बन चुका है. वहीं इसी सूची में सोनीपत को उत्कृष्ट स्वच्छता कार्यों के लिए मंत्री पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है.
पूरे शहर के लिए गर्व का विषय
करनाल नगर निगम की महापौर रेनू बाला गुप्ता ने इस अवसर पर जानकारी दी कि करनाल शहर को राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चुना जाना पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सफाई मित्रों द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों और नागरिकों के सहयोग से ही संभव हो पाई है. उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया यह अभियान एक अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर की गई थी.
नगर निगम करनाल को मिला “प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुरस्कार”, SS-24 में देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में करनाल हुआ शामिल, महामहिम द्रोपदी मुर्मू दिल्ली के विज्ञान भवन में करेंगी सम्मानित।
महापौर व निगमायुक्त ने इतिहास रचने के लिए सेनीटेशन विंग,सफाई मित्रों व शहरवासियों को दी बधाई। pic.twitter.com/0mpY1AmQPu— Municipal Corporation Karnal (@MCKARNAL) July 12, 2025
इसका उद्देश्य पूरे देश को स्वच्छ और गंदगी मुक्त बनाना है. इस अभियान से न केवल स्वच्छता को बढ़ावा मिला है बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी सहायता मिली है.
नगर निगम अधिकारियों ने दी बधाई
नगर आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि यह उल्लेखनीय उपलब्धि कई महीनों की कड़ी मेहनत, नये दृष्टिकोण और स्वच्छता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिणाम है. उन्होंने कहा कि स्वच्छता शाखा के अधिकारी और कर्मचारी इस सम्मान के विशेष हकदार हैं. अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार ने स्वच्छता शाखा और सफाई मित्रों को बधाई देते हुए कहा कि हमें भविष्य में और बेहतर कार्य करना है, ताकि करनाल को स्वच्छता की दिशा में देश में अग्रणी बनाए रखा जा सके.
